1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टेस्ट कप्तान बनते ही बदले बाबर आजम के तेवर, प्लेयर्स के फिटनेस से नहीं करेंगे समझौता

टेस्ट कप्तान बनते ही बदले बाबर आजम के तेवर, प्लेयर्स के फिटनेस से नहीं करेंगे समझौता

टेस्ट कप्तान बनते ही बाबर आजम ने टीम को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने साफ किया कि टीम में अनुशासन, फिटनेस और दमदार प्रदर्शन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Babar Azam- India TV Hindi
Image Source : AP बाबर आजम

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने लगातार मिल रही हार के बाद शान मसूद को कप्तानी से हटा दिया है और एक बार फिर बाबर आजम को टेस्ट टीम का कप्तान बना दिया है। शान मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान का प्रदर्शन बहुत खराब रहा। टीम ने उनकी कप्तानी में 16 टेस्ट मैच खेले, जिनमें से 12 मैचों में हार का सामना करना पड़ा और टीम सिर्फ 4 मैच ही जीत पाई। इस बीच दोबारा कप्तान बनते ही बाबर आजम के तेवर बदले हुए दिख रहे हैं। उन्होंने कप्तान बनते ही खिलाड़ियों को साफ कह दिया है कि अब टीम में अनुशासन, फिटनेस और अच्छे प्रदर्शन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

दोबारा कप्तानी मिलने के बाद बाबर आजम ने क्या कहा?

बाबर आजम ने सोमवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के एक इंटरव्यू में कहा कि पाकिस्तान टीम का दोबारा कप्तान बनना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। कप्तान और खिलाड़ी के रूप में मैंने अपने पुराने अनुभवों से बहुत कुछ सीखा है। इस बार मेरा हौसला बढ़ा हुआ है और मुझे लगता है कि मैं पहले से ज्यादा समझदार हो गया हूं। इसलिए, इस बार मैं बेहतर सोच और अच्छी योजना के साथ टीम को आगे बढ़ाऊंगा। मेरी पिछली कप्तानी में कुछ अच्छी और कुछ बुरी बातें थीं, जिन्हें मैंने अच्छे से समझा है और अब मेरे मन में सब कुछ बिल्कुल साफ है।

प्लेयर्स के अनुशासन और फिटनेस के साथ कोई समझौता नहीं- बाबर आजम

पाकिस्तानी बल्लेबाज ने आगे कहा कि मेरा सबसे ज्यादा ध्यान अनुशासन, फिटनेस और अच्छे खेल पर है और इनसे कोई समझौता नहीं किया जाएगा। टीम को मजबूत बनाने के लिए ये चीजें मेरे लिए सबसे जरूरी हैं। जब भी मैं कप्तान रहा हूं, मैंने हमेशा खिलाड़ियों का साथ दिया है, लेकिन ऐसा तभी हो सकता है जब खिलाड़ी भी अपनी तरफ से अच्छा खेल दिखाएं। पिछले बांग्लादेश दौरे के बाद पाकिस्तान की टेस्ट टीम में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। बहुत से नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है।

प्लेयर्स की फिटनेस को लेकर बाबर ने क्या कहा?

बाबर ने आगे कहा कि इतने सालों में मुझे यह समझ आया है कि टेस्ट क्रिकेट में हमारी फिटनेस थोड़ी कम रही है, जिसकी वजह से हम बैटिंग या बॉलिंग में अच्छा खेल नहीं दिखा पाए। कोच और मैनेजमेंट ने खिलाड़ियों से आमने-सामने बात करके उन्हें समझाया कि वे मुश्किल समय में अच्छा प्रदर्शन क्यों नहीं कर पा रहे थे। इस बातचीत से हमें अपनी फिटनेस सुधारने में मदद मिली। हमने ट्रेनिंग कैंप के दौरान अपनी फील्डिंग को भी बेहतर किया है और यह सीखा है कि कठिन परिस्थितियों में मैदान पर कैसे टिके रहना है, क्योंकि यह कैंप बहुत ज्यादा गर्मी में लगा था।

यह भी पढ़ें 

वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर टीम इंडिया के कोच ने तोड़ी चुप्पी, नए कप्तान को लेकर भी दिया बड़ा बयान

सूर्यकुमार यादव ने फर्जी बयान पर तोड़ी चुप्पी, वैभव सूर्यवंशी के लिए कही ऐसी बात

Latest Cricket News