इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भारतीय टीम के 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू करने का मौका मिला। फैंस आयरलैंड के खिलाफ हुई सीरीज से ही उनके खेलने का इंतजार कर रहे थे, और आखिरकार इंग्लैंड में उनका यह इंतजार खत्म हुआ। हालांकि, भारतीय टीम के लिए इस इंग्लैंड दौरे की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहला मैच बारिश की वजह से धुल गया था और दूसरे टी20 मैच में इंडिया को इंग्लैंड से 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। अब तीसरे टी20 मैच से पहले टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने वैभव के पहले मैच और टीम इंडिया के प्रदर्शन को लेकर कुछ खास बातें कही हैं।
फ्यूचर के लिए एक मजबूत टीम तैयार करना चाहती है टीम मैनेजमेंट
न्यूज एजेंसी PTI के हवाले से ट्रेंट ब्रिज में होने वाले तीसरे टी20 मैच से पहले, भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने कुछ बड़ी बातें कही है। उन्होंने साफ किया कि उनका ध्यान सिर्फ तुरंत मैच जीतने पर नहीं है, बल्कि वो आगे के लिए एक मजबूत टीम तैयार करना चाहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल करने के पीछे क्या सोच थी। उन्होंने बताया कि क्यों सूर्यवंशी को पहले तीन मैचों में बाहर बैठाने के बाद इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में खेलने का मौका दिया गया।
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर सितांशु कोटक ने क्या कहा?
सितांशु कोटक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वैभव सूर्यवंशी हमेशा से टीम इंडिया की प्लानिंग का हिस्सा थे। नॉटिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच से पहले उन्होंने कहा कि इस 15 साल के ओपनर को अपने पहले इंटरनेशनल मैच के लिए किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं थी, क्योंकि टीम को उनके टैलेंट पर पूरा भरोसा था। 15 साल और 99 दिन की उम्र में डेब्यू करके सूर्यवंशी भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर बन गए हैं। वे अपनी बिना किसी डर के खेलने की शैली (निडर खेल) की वजह से भारतीय टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे। कोटक ने यह भी साफ किया कि जब सूर्यवंशी को टीम में चुना गया था, तभी से उनका खेलना पक्का था।
नए कप्तान श्रेयस अय्यर को लेकर सितांशु कोटक ने दिया बड़ा बयान
इसी दौरान बैटिंग कोच ने टीम इंडिया के नए कप्तान श्रेयस अय्यर को लेकर भी बातें की। उन्होंने कहा कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम अभी बदलाव के दौर से गुजर रही है और टीम को चोटिल ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की कमी भी महसूस हो रही है। इसके बावजूद उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि टीम का सबसे बड़ा लक्ष्य एक ऐसी मजबूत टीम बनाना है जो दो साल बाद होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में अपना खिताब बचा सके। आपको बता दें कि टीम इंडिया ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था।
यह भी पढ़ें
जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, संजू सैमसन की छुट्टी, वैभव सूर्यवंशी की जगह बरकरार
भारत बनाम इंग्लैंड तीसरे टी20 मैच के लिए प्लेइंग इलेवन का ऐलान, मंगलवार को होगा मुकाबला