A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 7 साल बाद टीम में धाकड़ खिलाड़ी की वापसी, बांग्लादेश की धरती पर पहली बार खेली जाएगी सीरीज

7 साल बाद टीम में धाकड़ खिलाड़ी की वापसी, बांग्लादेश की धरती पर पहली बार खेली जाएगी सीरीज

बांग्लादेश ने 20 अप्रैल से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। यह सीरीज ICC महिला चैंपियनशिप का हिस्सा है और 2029 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए अहम मानी जा रही है।

Bangladesh- India TV Hindi
Image Source : AFP बांग्लादेश

ODI Squad: महिला क्रिकेट में एक बार फिर रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी, जब बांग्लादेश और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 20 अप्रैल से शुरू होने वाली तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। यह सीरीज बांग्लादेश महिला टीम के लिए पिछले साल खेले गए ICC महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के बाद पहली ODI असाइनमेंट होगी।

यह सीरीज ICC महिला चैंपियनशिप का हिस्सा है, जो 2029 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। टीम में सबसे बड़ी खबर शर्मिन सुल्ताना की वापसी है, जो करीब सात साल बाद ODI टीम में लौटी हैं। उन्होंने अपना आखिरी ODI मुकाबला नवंबर 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था। उनके अनुभव से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जुऐरिया फिरदौस को पहली बार मिला मौका

इसके अलावा युवा विकेटकीपर जुऐरिया फिरदौस को पहली बार ODI टीम में मौका मिला है। उन्होंने अभी तक ODI डेब्यू नहीं किया है, लेकिन इस साल नेपाल में हुए ICC महिला T20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर में बांग्लादेश के लिए T20 मुकाबले खेल चुकी हैं। साथ ही ऑफ स्पिनर सुल्ताना खातून को भी टीम में शामिल किया गया है।

पहली बार बांग्लादेश की धरती पर होगा आयोजन

बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच यह सिर्फ दूसरी द्विपक्षीय ODI सीरीज होगी और पहली बार बांग्लादेश की धरती पर खेली जाएगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 2023 में सीरीज खेली गई थी, जिसमें श्रीलंका ने 1-0 से जीत दर्ज की थी। ODI सीरीज के बाद 28 अप्रैल से तीन मैचों की T20 सीरीज भी खेली जाएगी। यह मुकाबले दोनों टीमों के लिए 12 जून से शुरू होने वाले ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होंगे।

श्रीलंका के खिलाफ ODI सीरीज के लिए बांग्लादेश की टीम: निगार सुल्ताना (कप्तान), नाहिदा अख्तर, फरगाना हक, शोभना मोस्तारी, फहीमा खातून, शर्मिन अख्तर, रितु मोनी, शोर्ना अख्तर, राबेया खान, सरमिन सुल्ताना, मरूफा अख्तर, फरीहा इस्लाम त्रिस्ना, सुल्ताना खातून, शांजिदा अख्तर मगला, जुऐरिया फिरदौस।

यह भी पढ़ें

Rohit Sharma Update: MI को तगड़ा झटका, रोहित शर्मा का हुआ MRI स्कैन, पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच खेलने पर सस्पेंस!

Praful Hinge: 13 साल की उम्र में क्रिकेट, लेदर-बॉल देखी तक नहीं, लिखकर रखा था 4-5 विकेट लूंगा

Latest Cricket News