1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बेथ मूनी ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अर्धशतक लगाकर रचा इतिहास, विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा

बेथ मूनी ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अर्धशतक लगाकर रचा इतिहास, विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा

ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की स्टार बल्लेबाज बेथ मूनी ने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में अर्धशतक लगाया। इस अर्धशतकीय पारी के साथ ही उन्होंने विराट कोहली का एक रिकॉर्ड तोड़ा है।

Beth Mooney- India TV Hindi
Image Source : AP बेथ मूनी

ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज बेथ मूनी ने रविवार (5 जुलाई) को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में एक नया इतिहास रच दिया है। लॉर्ड्स के मैदान पर खेले गए इस खिताबी मुकाबले में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 64 रन बनाए, जिसमें 10 चौके शामिल थे। उनकी इसी पारी के बदौलत ऑस्ट्रेलिया की टीम इस मैच में आसानी से जीत दर्ज करने में कामयाब रही।

टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में 3 अर्धशतक लगा चुकी हैं बेथ मूनी

बेथ मूनी ने इस शानदार अर्धशतक के साथ ही भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मूनी अब दुनिया की पहली ऐसी खिलाड़ी (मेंस और वुमेंस) बन गई हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में तीन बार 50 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। इस मामले में उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। विराट कोहली, श्रीलंका के कुमार संगाकारा और वेस्टइंडीज के मार्लन सैमुअल्स ने मेंस टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में 2-2 बार अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे। वहीं महिला क्रिकेट के इतिहास में मूनी के अलावा आज तक कोई भी खिलाड़ी फाइनल में एक से ज्यादा अर्धशतक नहीं लगा पाई है।

फाइनल में बेथ मूनी का प्रदर्शन रहा है शानदार

ऑस्ट्रेलिया को चैंपियन बनाने में बेथ मूनी ने हमेशा अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने फाइनल मैचों में टीम के लिए कई यादगार पारियां खेली हैं। सबसे पहले साल 2020 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में उन्होंने भारत के खिलाफ मेलबर्न के मैदान पर शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 78 रन बनाए थे। इसके बाद साल 2023 के वर्ल्ड कप फाइनल में भी उन्होंने जबरदस्त बल्लेबाजी की। वहां उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में नाबाद 74 रनों की बेहतरीन पारी खेली। वहीं हाल ही में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए साल 2026 के वर्ल्ड कप फाइनल में भी उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए 64 रन बनाकर टीम को चैंपियन का खिताब दिलाया।

मूनी को मिला प्लेयर ऑफ द मैच और टूर्नामेंट का अवॉर्ड

बेथ मूनी ने अपनी इस पारी के दौरान फोएबे लिचफील्ड के साथ दूसरे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी की, जिसकी मदद से ऑस्ट्रेलिया ने 151 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया और मैच 7 विकेट से जीत लिया। इस शानदार प्रदर्शन के लिए बेथ मूनी को फाइनल मैच में 'प्लेयर ऑफ द मैच' और पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल के लिए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का अवॉर्ड भी दिया गया। इस पूरे टी20 वर्ल्ड कप में बेथ मूनी ने जबरदस्त बल्लेबाजी की।

यह भी पढ़ें

T20 WC कप फाइनल में एलिस पेरी ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान की बराबरी कर बनाया खास रिकॉर्ड

वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया पर हुई पैसों की बारिश, हार के बाद भी मालामाल हुए भारत-पाकिस्तान

Latest Cricket News