1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत बरकरार, इंग्लैंड को हराकर 7वीं बार जीता T20 वर्ल्ड कप का खिताब

ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत बरकरार, इंग्लैंड को हराकर 7वीं बार जीता T20 वर्ल्ड कप का खिताब

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 05, 2026 11:18 pm IST,  Updated : Jul 05, 2026 11:50 pm IST

ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में इंग्लैंड को हराकर ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने 7वीं बार T20 वर्ल्ड कप के खिताब पर कब्जा जमाया।

Australia- India TV Hindi
ऑस्ट्रेलिया Image Source : AFP

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत की लय को बरकरार रखते हुए ऑस्ट्रेलिया ने इतिहास रच दिया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को करारी शिकस्त देते हुए ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने 7वीं बार खिताब पर कब्जा जमा लिया। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर अपनी बादशाहत कायम करते हुए इंग्लैंड का दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनने का सपना चकनाचूर कर दिया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 150 रनों का स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड की ओर से कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने शानदार अर्धशतक जड़ा।

बेथ मूनी ने खेली मैच विनिंग पारी

इंग्लैंड के 150 रनों के स्कोर के जवाब में ऑस्ट्रेलया की ओर से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया ने 151 रनों का लक्ष्य महज 3 विकेट खोकर 17.2 ओवर में हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से विकेटकीपर-बल्लेबाज बेथ मूनी ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। मूनी ने 49 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 64 रनों की पारी खेली। वहीं, फीबी लिचफील्ड ने 48 रनों का योगदान दिया। मूनी और लिचफील्ड के बीच दूसरे विकेट के लिए 100 रनों की शानदार पार्टनरशिप हुई। वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास की ये तीसरी शतकीय साझेदारी है। इससे पहले एलिसा हीली और बेथ मूनी के बीच 2020 T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहले विकेट के लिए 115 रनों की पार्टनरशिप हुई थी। T20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज की हैली मैथ्यूज और सारा टेलर के नाम है। दोनों के बीच 2016 के T20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहले विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी हुई थी।

सोफी मोलिनक्स की कप्तानी में बना नया इतिहास

ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरे टूर्नामेंट में शानदार लय में नजर आई। नई कप्तान सोफी मोलिनक्स  के नेतृत्व में टीम एक भी मुकाबला नहीं हारी। सेमीफाइनल में उसने वेस्टइंडीज को हराकर लगातार जीत का सिलसिला बरकरार रखा और फाइनल में जगह बनाई। अब खिताबी मुकाबले में मेजबान इंग्लिश टीम को 8 विकेट से धूल चटाते हुए एक बार फिर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2010, 2012, 2014, 2018, 2020 और 2023 में ये खिताब जीता था।

सबसे ज्यादा बार ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली टीमें

  • ऑस्ट्रेलिया - 7
  • इंग्लैंड - 1
  • न्यूजीलैंड - 1
  • वेस्टइंडीज - 1

यह भी पढ़ें:

T20 WC फाइनल से पहले दिखा अनोखा नजारा, बेटे को गोद में लेकर राष्ट्रगान के लिए मैदान में उतरीं इंग्लिश कप्तान

T20 WC कप फाइनल में एलिस पेरी ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान की बराबरी कर बनाया खास रिकॉर्ड

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल