A
Hindi News खेल क्रिकेट अहम मैच से पहले टीम को लगा तगड़ा झटका, स्टार बल्लेबाज अस्पताल में हुआ भर्ती

अहम मैच से पहले टीम को लगा तगड़ा झटका, स्टार बल्लेबाज अस्पताल में हुआ भर्ती

मुंबई को रणजी ट्रॉफी में अहम मैच से पहले तगड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज को बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।

shubman Gill and Sarfaraz Khan- India TV Hindi Image Source : PTI शुभमन गिल और सरफराज खान

मुंबई और कर्नाटक के बीच होने वाले रणजी ट्रॉफी क्वार्टरफाइनल मुकाबले से पहले मुंबई टीम की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। 6 फरवरी से शुरू होने वाले इस अहम मुकाबले से पहले मुंबई के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान को वायरल फीवर के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस वजह से कर्नाटक के खिलाफ होने वाले नॉकआउट मुकाबले में उनका खेलना फिलहाल संदेह के घेरे में है। यह मुकाबला मुंबई के शरद पवार क्रिकेट अकादमी, बीकेसी में खेला जाना है। हालांकि सरफराज खान की सेहत को लेकर अभी तक कोई मेडिकल अपडेट सामने नहीं आया है। अगर सरफराज मैच के लिए फिट नहीं हो पाए तो यह मुंबई के लिए बड़ा झटका होगा।

सरफराज खान की तबीयत ऐसे समय पर बिगड़ी है, जब वह शानदार फॉर्म में चल रहे थे। पिछले महीने उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ जबरदस्त डबल सेंचुरी जड़ी थी और मौजूदा रणजी सीजन में मुंबई के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। अगर 28 साल के सरफराज कर्नाटक के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल पाते हैं, तो यह मुंबई की बल्लेबाजी के लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकता है। आंकड़ों की बात करें तो सरफराज खान ने इस रणजी ट्रॉफी सीजन में अब तक 9 पारियों में 429 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 53.62 का रहा है, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है।

मुंबई की टीम में शार्दुल और जायसवाल की वापसी

इस बीच मुंबई के लिए राहत की खबर भी है। ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर कर्नाटक के खिलाफ क्वार्टरफाइनल मुकाबले में मुंबई टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। वहीं, युवा स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का हिस्सा होंगे। दोनों खिलाड़ी पिछले महीने रणजी ट्रॉफी के दोबारा शुरू होने के बाद से मुंबई की ओर से नहीं खेले थे। मुंबई ने ग्रुप डी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 33 अंकों के साथ टॉप पर रहते हुए नॉकआउट चरण में जगह बनाई थी। टीम ने ग्रुप स्टेज में एक भी मैच नहीं हारा, जहां उसने चार मुकाबले जीते और तीन ड्रॉ खेले।

43वीं रणजी ट्रॉफी पर मुंबई की नजर

मुंबई की टीम इस सीजन अपना 43वां रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। उन्होंने आखिरी बार 2023-24 सीजन में यह खिताब अपने नाम किया था। दूसरी ओर, कर्नाटक अब तक 8 बार रणजी ट्रॉफी जीत चुका है और इस मुकाबले में मुंबई को हराकर आगे बढ़ने की कोशिश करेगा। अब सभी की नजरें सरफराज खान की फिटनेस रिपोर्ट पर टिकी होंगी, क्योंकि उनका उपलब्ध होना मुंबई की खिताबी दावेदारी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

कर्नाटक के खिलाफ मुकाबले के लिए मुंबई की टीम: शार्दुल ठाकुर (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, मुशीर खान, अखिल हेरवाडकर, सिद्धेश लाड, सरफराज खान, आकाश आनंद, हार्दिक तमोरे, सैराज पाटिल, शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, ओंकार तरमाले, दिव्यांश सक्सेना, सूर्यांश शेडगे।

यह भी पढ़ें:

T20 World Cup: सुबह से रात तक क्रिकेट का रोमांच, आज खेले जाएंगे 4 वॉर्म-अप मैच; धांसू टीमों के बीच टक्कर

स्टार भारतीय बल्लेबाज की फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट, बताया कब होगा कमबैक

Latest Cricket News