टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अपनी फिटनेस को लेकर बड़ी अपडेट दी है और संकेत दिए हैं कि वह जल्द ही प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं। 28 साल के पंत पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज से पहले अभ्यास सत्र के दौरान चोट का शिकार हो गए थे, जिसके चलते उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा।
इस समय ऋषभ पंत बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। अपनी फिटनेस पर बात करते हुए पंत ने कहा कि उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है और वह दिन-ब-दिन बेहतर महसूस कर रहे हैं। वर्ल्ड पिकलबॉल लीग के मौके पर मीडिया से बातचीत में पंत ने कहा कि उनकी फिटनेस हर दिन बेहतर होती जा रही है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं और उन्हें लगता है कि मैं जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे।
लोगों का सपोर्ट अहम
ऋषभ पंत ने लंबी चोट से उबरने के दौरान मानसिक रूप से खेल से जुड़े रहने की अहमियत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के प्रति उनका प्यार और आसपास के लोगों का समर्थन उनकी रिकवरी में सबसे बड़ा सहारा रहा है। पंत ने कहा कि वह जब भी चोटिल होते हैं, तो जो चीज उन्हें खेल के करीब रखती है, वह है क्रिकेट के लिए उनका प्यार और उनके आसपास के लोगों का सपोर्ट। इसके साथ ही उन्होंने एक प्रोफेशनल क्रिकेटर के तौर पर लगातार खुद को बेहतर बनाते रहने की जरूरत पर भी बात की। पंत ने कहा कि एक क्रिकेटर के रूप में आपको हमेशा अपने खेल में कुछ न कुछ जोड़ते रहना होता है। उन्हें अपने ओवरऑल गेम के हर पहलू को बेहतर करने पर काम करना है।
वापसी ने सिखाए जीवन के अहम सबक
अपने करियर में कई बार वापसी कर चुके ऋषभ पंत ने माना कि मैदान से दूर बिताया गया समय उन्हें क्रिकेट और जिंदगी दोनों को नए नजरिए से देखने का मौका देता है। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि चोट के दौरान सबसे मुश्किल चीज होती है शीर्ष स्तर के क्रिकेट को मिस करना। पंत ने कहा कि हर वापसी ने उन्हें जिंदगी के बारे में कुछ न कुछ सिखाया है। चीजों को देखने का नजरिया और यह समझ कि वास्तव में आपको क्या खुशी देता है। लेकिन जब वह चोटिल होते हैं, तो सबसे ज्यादा उन्हें शीर्ष स्तर पर खेल का आनंद लेना याद आता है। ऋषभ पंत के इस बयान से साफ है कि भारतीय फैंस को जल्द ही मैदान पर उनका दमदार अंदाज देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें
फैसल शिनोजादा का भारत के खिलाफ धमाकेदार शतक, कौन है अफगानिस्तान का ये बल्लेबाज