Virat Kohli: IPL 2026 के बिजी शेड्यूल के बीच जब स्टार बल्लेबाज विराट कोहली स्कूल के छात्रों के बीच पहुंचे, तो माहौल पूरी तरह उत्साह से भर गया। लेकिन इसी जोश के बीच कोहली का एक मजेदार अंदाज़ भी देखने को मिला, जिसने सबका दिल जीत लिया। नई दिल्ली में एक स्कूल कार्यक्रम के दौरान जब कोहली मंच पर पहुंचे, तो छात्रों ने जोरदार तालियों और शोर से उनका स्वागत किया। इसी बीच हंसी-मजाक में कोहली ने कहा कि बोलने तो दो यार प्लीज और वहां मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने लगे। इस मजेदार घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
छात्रों को दिया खास संदेश
कार्यक्रम की शुरुआत करने के बाद कोहली ने छात्रों को संबोधित करते हुए उन्हें अपने स्कूल, शिक्षकों और माहौल का सम्मान करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कम उम्र से ही अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना बेहद जरूरी है। कोहली ने अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने अपने जीवन में क्रिकेट को चुनने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि अपने सपनों को लेकर ईमानदार रहना और पूरी मेहनत के साथ उन्हें हासिल करने की कोशिश करना ही सफलता की कुंजी है।
शानदार फॉर्म में कोहली
पिछले सीजन से कोहली का शानदार प्रदर्शन जारी हैं। उन्होंने IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 18 साल बाद पहला IPL खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस सीजन भी RCB बेहतरीन फॉर्म में है और पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर काबिज है। टीम ने 8 मैचों में 12 पॉइंट हासिल कर प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं। पिछले ही मैच में विराट कोहली ने IPL में बहुत बड़ा मुकाम हासिल किया था। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए लो स्कोरिंग मैच में विराट कोहली ने 11 रन बनाते ही IPL में 9000 रन पूरे करने का बड़ा कारनामा किया था। ऐसा करने वाले वह पहले बल्लेबाज बने।
विराट कोहली इस सीजन 8 मैचों में 58 से ज्यादा के औसत और 162.50 के स्ट्राइक रेट से 351 रन बना चुके हैं। वह सीजन के टॉप रन स्कोरर की लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। उनसे ज्यादा रन वैभव सूर्यवंशी (400), अभिषेक शर्मा (380) और केएल राहुल (358) ने बनाए हैं।
यह भी पढ़ें:
ODI World Cup 2027 से पहले पाकिस्तान की बड़ी प्लानिंग, इन देशों के साथ खेलेगा ट्राई सीरीज
IPL 2026 Playoffs Scenario: दो टीमों की एंट्री पक्की, इनका बाहर होना तय, कौन अगर- मगर में फंसा
Latest Cricket News