1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ODI World Cup 2027 से पहले पाकिस्तान की बड़ी प्लानिंग, इन देशों के साथ खेलेगा ट्राई सीरीज

ODI World Cup 2027 से पहले पाकिस्तान की बड़ी प्लानिंग, इन देशों के साथ खेलेगा ट्राई सीरीज

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Apr 28, 2026 07:43 pm IST,  Updated : Apr 28, 2026 07:44 pm IST

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड 2027 ODI वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए अपने घर में ट्राई नेशन सीरीज आयोजित करने की योजना बना रहा है।

Pakistan Cricket 2027 ODI World Cup- India TV Hindi
पाकिस्तान क्रिकेट टीम Image Source : AFP

ICC ODI वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है। मजबूत टीम बनाने के इरादे से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक बड़ा प्लान तैयार किया है, जिसके तहत पाकिस्तान अपने घर में इंग्लैंड और श्रीलंका के साथ हाई-प्रोफाइल ट्राई ODI सीरीज आयोजित कर सकता है। इस सीरीज को टीम के लिए बड़े टूर्नामेंट से पहले अहम तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

वर्ल्ड कप से पहले बड़ी तैयारी

टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान इस साल के अंत यानी अक्टूबर-नवंबर या दिसंबर-जनवरी विंडो में इस ट्राई सीरीज की मेजबानी करेगा। बताया जा रहा है कि इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है, जबकि श्रीलंका पहले ही इसमें हिस्सा लेने पर सहमत हो चुका है। यह सीरीज छोटे लेकिन प्रभावी फॉर्मेट में खेली जाएगी, जहां तीनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच खेलेंगी और टॉप-2 टीमें फाइनल में भिड़ेंगी। श्रीलंका की पाकिस्तान टेस्ट सीरीज के बाद ही इस ODI ट्राई-सीरीज का आयोजन किया जा सकता है।

दरअसल, पाकिस्तान का हालिया ODI रिकॉर्ड चिंता का विषय रहा है। टीम 2011 के बाद से किसी भी ODI वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी है और 2019 व 2023 में भी निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए जल्दी बाहर हो गई थी। ऐसे में बोर्ड अब टीम को नए सिरे से तैयार करने में जुट गया है। सूत्रों के अनुसार, जून में PCB मैनेजमेंट व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन और ODI कप्तान शाहीन शाह अफरीदी के साथ बैठक कर रणनीति तैयार करेगा।

बदलाव और युवा खिलाड़ियों पर फोकस

पाकिस्तान टीम इस समय बदलाव के दौर से गुजर रही है। हाल ही में बांग्लादेश दौरे पर छह नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया, जिससे साफ है कि टीम भविष्य को ध्यान में रखकर प्रयोग कर रही है। कप्तान शाहीन अफरीदी भी युवा प्रतिभाओं को आजमाने के पक्ष में हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया की टीम भी मई-जून में पाकिस्तान दौरे पर तीन मैचों की ODI सीरीज खेलेगी, जिससे पाकिस्तान के पास तैयारी के और मौके होंगे।रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ट्राई सीरीज के मुकाबले लाहौर और कराची में आयोजित किए जा सकते हैं, हालांकि अंतिम शेड्यूल और वेन्यू की घोषणा जल्द हो सकती है।

2027 वर्ल्ड कप पर नजर

गौरतलब है कि 2027 का वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। ऐसे में पाकिस्तान अभी से मजबूत और संतुलित टीम तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है। PCB इससे पहले भी T20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए ट्राई सीरीज आयोजित कर चुका है, जिसमें पाकिस्तान, जिम्बाब्वे और श्रीलंका ने हिस्सा लिया था। वहीं इंग्लैंड की टीम 2022 के बाद से कई बार पाकिस्तान दौरा कर चुकी है।

यह भी पढ़ें:

वैभव सूर्यवंशी बन गए सिक्सर किंग, विराट कोहली ने कहां मारी बाजी

IPL 2026 Playoffs Scenario: दो टीमों की एंट्री पक्की, इनका बाहर होना तय, कौन अगर- मगर में फंसा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल