1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सिर्फ 42 गेंदों में 18 साल की खिलाड़ी ने जड़ा शतक, लगाई कुल 20 बाउंड्री, महिला हंड्रेड में पहली बार हुआ ये कमाल

सिर्फ 42 गेंदों में 18 साल की खिलाड़ी ने जड़ा शतक, लगाई कुल 20 बाउंड्री, महिला हंड्रेड में पहली बार हुआ ये कमाल

महिला हंड्रेड के जारी सीजन में एलिमिनटेर मुकाबले में नॉर्दन सुपरचार्जर टीम की 18 साल की खिलाड़ी डेविना पेरिन ने सिर्फ 42 गेंदों में शतक लगाने के साथ टूर्नामेंट में एक नया इतिहास रच दिया।

Davina Perrin- India TV Hindi
Image Source : GETTY डेविना पेरिन

महिला द हंड्रेड के एलिमिनेटर मुकाबले में नॉर्दन सुपरचार्जर की ओपनिंग बल्लेबाज डेविना पेरिन ने बल्ले से ऐसा कमाल दिखाया कि टूर्नामेंट के इतिहास में उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बना दिया। डेविना पेरिन ने लंदन स्प्रिट महिला टीम के खिलाफ मैच में जहां 43 गेंदों में 101 रनों की पारी खेली तो वहीं उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। डेविना पेरिन अब द हंड्रेड महिला में सबसे कम गेंदों में शतकीय पारी खेलने वाली खिलाड़ी बन गई हैं, वहीं इस टूर्नामेंट के इतिहास में ये अब तक का सिर्फ दूसरा शतक है।

डेविना पेरिन ने अपनी पारी में लगाई कुल 20 बाउंड्री

लंदन स्प्रिट के खिलाफ डेविना पेरिन ने अपना अर्धशतक जहां सिर्फ 25 गेंदों में पूरा कर लिया था तो वहीं शतक पूरा करने के लिए उन्होंने 17 गेंदें और ली। डेविना पेरिन अपने इस धुआंधार पारी के दौरान कुल 15 चौके और 5 छक्के लगाए जिसके दम पर नॉर्दन सुपरचार्जर की टीम ने 100 गेंदों में 5 विकेट के नुकसान पर कुल 214 रनों का स्कोर बनाया। द हंड्रेड महिला और पुरुष में देखा जाए तो उसमें डेविना पेरिन सबसे कम गेंदों में शतकीय पारी खेलने वाली दूसरी खिलाड़ी भी बन गई हैं। डेविना ने डेविडसन रिचर्ड्स के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी सिर्फ 49 गेंदों में की।

नॉर्दन सुपरचार्जर की टीम ने 42 रनों से जीता मुकाबला

एलिमिनेटर मैच में डेविना पेरिन की शानदार पारी के दम पर नॉर्दन सुपरचार्जर की टीम ने इस मुकाबले को 42 रनों से अपने नाम किया। लंदन स्प्रिट की टीम 215 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 100 गेंदों में 172 रनों के स्कोर तक ही पहुंच पाई, जिसमें उनकी तरफ से जॉर्जिया रेडमायने ने 50 रनों की पारी खेली। वहीं नॉर्दन सुपरचार्जर टीम की तरफ से गेंदबाजी में ग्रेस बॉलिंगर और एनाबेल सदरलैंड ने 3-3 विकेट हासिल किए तो वहीं केट क्रॉस 2 विकेट लेने में कामयाब रही। अब नॉर्दन सुपरचार्जर की टीम 31 अगस्त को फाइनल मुकाबले में सदर्न ब्रेव टीम के खिलाफ मुकाबला खेलेगी।

ये भी पढ़ें

यश ढुल ने DPL के फॉर्म को दलीप ट्रॉफी में भी रखा जारी, ईस्ट जोन के खिलाफ खेली शतकीय पारी

DPL में नितीश राणा से भिड़े दिग्वेश राठी, एक साथ 5 खिलाड़ियों पर लगा भारी जुर्माना

Latest Cricket News