1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. देवदत्त पडिक्कल ने कोलंबो टेस्ट में शतक जड़ विराट कोहली की बराबरी, दिग्गजों की लिस्ट में भी हुए शामिल

देवदत्त पडिक्कल ने कोलंबो टेस्ट में शतक जड़ विराट कोहली की बराबरी, दिग्गजों की लिस्ट में भी हुए शामिल

श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट मैच में भी भारतीय खिलाड़ी देवदत्त पडिक्कल के बल्ले का कमाल देखने को मिला है, जिसमें उनके बल्ले से सीरीज में दूसरा शतक देखने को मिला है। पडिक्कल शतक पूरा करने के बाद 117 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

Devdutt Padikkal- India TV Hindi
Image Source : AP देवदत्त पडिक्कल

भारत और श्रीलंका के बीच में खेली जा रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले का आगाज 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी ग्राउंड पर हो गया है। इस मुकाबले में भी भारतीय टीम के लिए नंबर-3 की पोजीशन पर खेलने वाले बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल का कमाल देखने को मिला है। टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने जहां टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया तो पडिक्कल ने उसे पूरी तरह से सही साबित किया। गॉल टेस्ट में शानदार शतकीय पारी खेलने वाले देवदत्त पडिक्कल के बल्ले से कोलंबो टेस्ट मैच के पहले दिन के खेल में टीम इंडिया की पहली पारी में सेंचुरी देखने को मिली है, जिसके दम पर वह विराट कोहली की जहां बराबरी करने में कामयाब रहे तो वहीं दिग्गजों की लिस्ट में भी शामिल हो गए हैं।

पडिक्कल ने श्रीलंका में इस मामले में की कोहली की बराबरी

देवदत्त पडिक्कल जिनको साई सुदर्शन के चोटिल होकर सीरीज से बाहर होने के बाद प्लेइंग 11 में नंबर-3 की पोजीशन पर बल्लेबाजी करने के लिए शामिल किया गया, वह इस मौके का पूरी तरह से फायदा उठाने में कामयाब रहे हैं। पडिक्कल ने गॉल टेस्ट मैच में दोनों पारियों में मिलाकर जहां 200 से अधिक रन बनाए तो वहीं कोलंबो टेस्ट में भी अब टीम इंडिया की पहली पारी में उनके बल्ले से 117 रनों की शतकीय पारी देखने को मिली। इसी के साथ पडिक्कल अब श्रीलंका में भारतीय खिलाड़ी के रूप में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने के मामले में विराट कोहली के बराबर आ गए हैं। वहीं इस लिस्ट में 5 शतकीय पारी के साथ सचिन तेंदुलकर पहली पोजीशन पर काबिज हैं। पडिक्कल के अलावा विराट कोहली ने जहां श्रीलंका में टेस्ट में दो शतकीय पारियां खेली हैं तो वहीं विनोद कांबली, मोहम्मद अजहरुद्दीन, नवजोत सिंह सिद्धू, अजिंक्य रहाणे के बल्ले से भी 2 शतकीय पारियां देखने को मिली हैं। वहीं वीरेंद्र सहवाग, शिखर धवन और चेतेश्वर पुजारा ने श्रीलंका में टेस्ट में तीन शतकीय पारियां खेली हैं।

पडिक्कल 7 साल बाद ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय खिलाड़ी

टीम इंडिया टेस्ट क्रिकेट में पिछले काफी समय से नंबर-3 की पोजीशन को लेकर संघर्ष करते हुए दिख रही थी, जिसको लेकर अब देवदत्त पडिक्कल ने काफी अच्छी दावेदारी पेश की है। पडिक्कल 7 सालों के बाद पहले ऐसे भारतीय खिलाड़ी बने हैं जो घर के बाहर टेस्ट सीरीज के लगातार दो मुकाबलों में नंबर-3 की पोजीशन पर खेलते हुए शतकीय पारी खेलने में कामयाब हो सके हैं। इससे पहले साल 2018-19 में टीम इंडिया के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चेतेश्वर पुजारा ने मेलबर्न टेस्ट में 106 रन और उसके बाद सिडनी टेस्ट में 193 रनों की पारी खेली थी।

ये भी पढ़ें

 

कोलंबो टेस्ट में टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन, ऋषभ पंत आखिरी सेशन में हुए रिटायर्ड हर्ट

ICC टेस्ट टीम रैंकिंग हुई भारी उठापटक, बांग्लादेश ने हार के बावजूद मारी लंबी छलांग; पाकिस्तान का हो गया बेड़ागर्क

Latest Cricket News