भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला कोलंबो के एसएससी ग्राउंड पर खेला जा रहा है, जिसमें पहले दिन का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 300 रन बना लिए थे। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, जिसको देवदत्त पडिक्कल ने अपनी शतकीय पारी के दम पर पूरी तरह सही साबित किया। आखिरी सेशन के खेल को लेकर बात की जाए तो उसमें ऋषभ पंत 3 के निजी स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हो गए जो टीम इंडिया के लिए टेंशन बढ़ाने वाली बात रही। वहीं पडिक्कल ने इस सीरीज में अपना जहां दूसरा शतक पूरा किया तो वहीं वह 117 के निजी स्कोर पर आउट हुए। इसके अलावा दिन का खेल खत्म होने के समय रवींद्र जडेजा 43 के निजी स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे। पहले दिन का खेल खत्म होने पर ध्रुव जुरेल 7 और सारांश जैन 3 रन बनाकर खेल रहे थे। श्रीलंका की तरफ से गेंदबाजी में असिता फर्नांडो ने अब तक तीन जबकि लाहिरू कुमारा और केशारा नुवांथा ने 1-1 विकेट हासिल किया है।
पहले दिन का पहला सेशन दोनों टीमों के लिए लगभग बराबर रहा। इस सेशन में श्रीलंका ने दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट लिया। वहीं टीम इंडिया ने 25 ओवर के खेल में 88 रन बनाए। भारत ने केएल राहुल के रूप में अपना पहला विकेट खो दिया है। राहुल 18 रन बनाकर लाहिरा कुमारा का शिकार बने। भारत को दूसरा झटका यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा है। वे 45 (53) रन बनाकर अविष्का फर्नांडो का शिकार बने।
दूसरा सेशन पूरी तरह से भारतीय टीम के नाम रहा। इस सेशन में टीम इंडिया ने 27 ओवर में 99 रन बनाए और इस दौरान उन्होंने एकमात्र विकेट शुभमन गिल का गंवाया है। इस सेशन में देवदत्त पडिकक्ल और शुभमन गिल ने अर्धशतक पूरा किया। लेकिन टी ब्रेक से ठीक पहले गिल 50 रन बनाकर आउट हो गए। टी ब्रेक तक टीम इंडिया का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 187 रन था। पडिकक्ल 63 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं और पंत उनका साथ देने के लिए क्रीज पर आए हैं।
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (2025-27) में भारत का यह 11वां टेस्ट मैच है। इससे पहले खेले गए 10 मैचों में से भारत ने 5 में जीत दर्ज की है वहीं 4 में हार का सामना करना पड़ा है और 1 मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ है। फिलहाल भारत 64 अंक और 53.33% अंक प्रतिशत (PCT) के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद है। वहीं श्रीलंका की टीम 5 मैचों में से 1 जीत, 2 हार और 2 ड्रा के साथ छठे स्थान पर है।
यहां देखें दोनों टीमों का स्क्वॉड
भारत: यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, सरफराज खान, सारांश जैन, आकिब नबी, गुरनूर बराड़
श्रीलंका: लाहिरु उदारा, पसिंदु सोरियाबंदरा, कामिल मिशारा, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सहान अराचिगे, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, असिथा फर्नांडो, विश्वा फर्नांडो, मिलन प्रियनाथ रथनायके, लाहिरू कुमारा