दलीप ट्रॉफी का फाइनल इस वक्त ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच खेला जा रहा है। अब तक तीन दिन का खेल हो गया है और ईस्ट जोन ने मैच पर अपनी पकड़ काफी मजबूत बना रखी है। अब तक ऐसा लग रहा है कि अगर कोई चौंकाने वाला काम नहीं हुआ तो ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन की टीम खिताब जीत जाएगी। इस बीच तीसरे दिन साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने काफी धीमी बल्लेबाजी की, इससे बोरियत सी महसूस होने लगी।
ईस्ट जोन ने अपनी पहली पारी में बनाए हैं 708 रन, ईशान किशन का दोहरा शतक
ईशान किशन के धमाकेदार दोहरे शतक की बदौलत ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में अपनी पहली पारी में 708 रनों का इतना बड़ा स्कोर बना दिया है कि तीसरे दिन पूरे दिन बल्लेबाजी करने के बाद भी साउथ जोन की टीम इसके पास भी नहीं फटक पाई। जब तीसरे दिन का खेल खत्म हुआ, तब तक साउथ जोन ने अपने छह विकेट खोकर 242 रन ही बनाए हैं। टीम अभी भी 466 रन पीछे चल रही है। अब ऐसा नहीं लग रहा है कि टीम वहां तक पहुंच पाएगी, क्योंकि उसके केवल चार ही बल्लेबाज बचे हैं। इस बीच तिलक वर्मा ने काफी बोर किया। सलामी बल्लेबाज रिकी भुई केवल एक ही रन बनाकर आउट हो गए। नारायण जगदीशन और देवदत्त ने कुछ देर बल्लेबाजी की। नारायण 32 और देवदत्त पडिक्कल 62 रन बनाकर आउट हो गए। नंबर पांच पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान तिलक वर्मा अभी खेल रहे हैं।
तिलक वर्मा ने 133 बॉल पर बनाए 56 रन, अभी नाबाद
तिलक वर्मा ने अब तक 133 बॉल का सामना किया है और केवल 56 ही रन बना पाए हैं। उनके बल्ले से इस दौरान केवल पांच चौके आए और उनका स्ट्राइक रेट 42.11 का ही रहा। यानी वे 50 के स्ट्राइक रेट से भी बल्लेबाजी नहीं कर पाए। अब मैच के चौथे दिन साउथ जोन की टीम कितने और रन बना पाती है, ये देखना दिलचस्प होगा।
पहली पारी के आधार पर ईस्ट जोन की टीम बन सकती है विजेता
अब पांच दिन के मैच के बाद भी कोई रिजल्ट नहीं निकला और मैच ड्रॉ रहा तो पहली पारी में ज्यादा रन बनाने वाली टीम विजेता घोषित कर दी जाएगी। अभी के हालात देखकर तो यही लगता है कि ईस्ट जोन का पलड़ा भारी है। हो सकता है कि मैच चौथे दिन यानी बुधवार को ही खत्म हो जाए। अगर ईस्ट जोन की दूसरी पारी में बल्लेबाजी आई तो टीम और कितने रन बनाती है, ये देखना भी काफी रोचक होगा। फिलहाल तो ईस्ट जोन की टीम विजेता बनते हुए नजर आ रही है।
यह भी पढ़ें
पाकिस्तान क्रिकेट में हड़कंप के बीच मैदान में उतरेगी टीम, कप्तान बाबर आजम के सामने कठिन चुनौती
केवल 64 बॉल पर 173 रन, मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज ने ठोके 16 चौके और 12 छक्के
Latest Cricket News