1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड ने किया अपनी स्क्वाड का ऐलान, 4 स्पिन गेंदबाजों को मिली जगह

वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड ने किया अपनी स्क्वाड का ऐलान, 4 स्पिन गेंदबाजों को मिली जगह

ODI World Cup: भारत की मेजबानी में 30 सितंबर से महिला वनडे वर्ल्ड कप का आगाज होगा जिसको लेकर इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने अपनी स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इस टीम में चार विशेषज्ञ स्पिन गेंदबाजों को जगह मिली है।

England Women Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : GETTY इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने 30 सितंबर से भारत की मेजबानी में खेले जाने वाले आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपनी स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। ईसीबी की तरफ से 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की गई है जिसमें कप्तानी की जिम्मेदारी नैट स्क्वाइवर ब्रंट को सौंपी गई है, इसके अलावा टीम में हीथर नाइट की भी लंबे समय के बाद वापसी हुई है। एशिया की परिस्थितियों को देखते हुए इंग्लैंड ने अपनी वनडे वर्ल्ड की स्क्वाड में 4 विशेषज्ञ स्पिन गेंदबाजों को जगह दी है।

हीथर नाइट की इंजरी के बाद हुई स्क्वाड में वापसी

महिला वनडे वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड की स्क्वाड को देखा जाए तो उसमें अनुभवी खिलाड़ी हीथर नाइट की लंबे समय के बाद वापसी हुई है। हीथर ने इस साल की शुरुआत में जनवरी महीने में अपना आखिरी वनडे मैच खेला था, जिसके बाद वह चोटिल होने की वजह से कई अहम सीरीज का हिस्सा नहीं थी। इसके अलावा वनडे टीम में सारा ग्लेन और डेनी व्याट की भी वापसी हुई है जो भारतीय महिला टीम के खिलाफ घर पर खेली गई वनडे सीरीज में स्क्वाड का हिस्सा नहीं थी। ग्लेन उन चार प्रमुख स्पिन गेंदबाजों में शामिल हैं जो इंग्लैंड महिला टीम की वर्ल्ड कप स्क्वाड का हिस्सा है। इंग्लैंड की टीम में 6 ऐसे खिलाड़ी हैं जिनको पहली बार वनडे वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिलेगा।

महिला वनडे वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड टीम का स्क्वाड

नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), एम अर्लट, टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, सारा ग्लेन, एमी जोन्स, हीथर नाइट, एम्मा लैम्ब, लिन्सी स्मिथ, डैनी व्याट-हॉज।

इंग्लैंड 3 अक्टूबर को खेलेगी अपना पहला मुकाबला

वनडे वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की टीम को अपना पहला मुकाबला 3 अक्टूबर को साउथ अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ खेलना है। इसके बाद उनकी भिड़ंत बांग्लादेश और श्रीलंका की टीम से होगी। वहीं चौथा मैच खेलने के लिए इंग्लैंड की टीम श्रीलंका जाएगी जहां उसका सामना पाकिस्तानी महिला टीम से होगी। 19 अक्टूबर को इंग्लैंड की टीम का महिला वनडे वर्ल्ड कप में सामना भारतीय टीम से होगा जिसमें दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में होगा। लीग स्टेज के अपने आखिरी 2 मैच इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की टीम के खिलाफ खेलेगी।

ये भी पढ़ें

ऑस्ट्रेलिया के सामने संकट में भारत, 100 रन से पहले ही गिर गए 5 विकेट, बारिश ने ​बचाया

टीम इंडिया के लिए आसान नहीं एशिया कप की राह, यहां फंसेंगी सबसे बड़ी टेंशन

Latest Cricket News