टी20 सीरीज और वनडे के बाद अब भारत की महिला ए और ऑस्ट्रेलिया महिला ए के बीच टेस्ट मैच भी शुरू हो गया है। हालांकि ये टेस्ट पांच नहीं, बल्कि चार दिन का होगा। पहले दिन की बात की जाए तो भारतीय टीम संकट में घिरी नजर आई। भारत के पांच विकेट गिर गए, लेकिन अभी तक 100 रन भी पूरे नहीं हो पाए हैं। हालांकि बारिश आने के कारण मैच को जल्द रोक दिया और बाद में स्टंप्स हो गया। अब दूसरे दिन के खेल पर सभी की नजरें रहेंगी।
टी20 और वनडे के बाद अब टेस्ट की बारी
भारत महिला ए टीम इस वक्त ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है। पहले टी20 सीरीज खेली गई, इसके बाद बारी आई वनडे सीरीज की और अब सीरीज के सबसे आखिर में टेस्ट मैच खेला जा रहा है। टी20 सीरीज में भारत की महिला ए टीम को तीन के तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद जब वनडे सीरीज शुरू हुई तो उसमें भारत ने पहले दो मैच अपने नाम कर सीरीज पर कब्जा कर लिया, हालांकि तीसरे मैच में हार का मुंह देखना पड़ा था। अब देखना होगा कि टेस्ट में क्या होता है, हालांकि पहले दिन भारतीय टीम बैकफुट पर नजर आ रही है।
शेफाली वर्मा ने की पारी की शुरुआत
पारी की शुरुआत भारत की ओर से शेफाली वर्मा और नंदिनी कश्यप ने की। भारत का पहला विकेट तभी गिर गया, जब स्कोर केवल 6 रन का था। नंदिनी बिना खाता खोले आउट हो गए। धरा गुज्जर भी अपना खाता नहीं खो पाई और शून्य पर आउट हो गई। यानी भारत को शुरुआत में ही बैक टू बैक दो झटके लगे। हालांकि एक छोर पर शेफाली वर्मा ने कुछ देर तक संघर्ष किया। शेफाली और राघवी बिष्ट के बीच एक छोटी सी साझेदारी हुई, लेकिन ये लंबी नहीं चल पाई।
कप्तान राधा यादव अभी नाबाद
शेफाली वर्मा ने 38 बॉल पर 35 रनों की पारी खेली, इसमें आठ चौके शामिल रहे, वहीं राघवी बिष्ट ने 44 बॉल पर 26 रन बनाए। अभी 23.2 ओवर का ही खेल हो पाया था कि बारिश आ गई और पहले दिन का खेल वहीं पर खत्म घोषित कर दिया गया। पहले दिन भारत की ए टीम ने 93 रन बनाए हैं और उसके पांच विकेट गिर चुके हैं। यानी कहीं ना कहीं संकट तो है। इस बीच राघवी बिष्ट अभी क्रीज पर हैं। उनका साथ देने राधा यादव आ चुकी हैं, जो 8 रन पर नाबाद हैं। अब दूसरे दिन भारत की टीम कैसा प्रदर्शन करती हैं, उस पर काफी कुछ मैच का रिजल्ट निर्भर करेगा।