1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. IND vs CHN Gold Medal Match: थोड़ी देर में शुरू होगा महिला हॉकी फाइनल, भारत के पास गोल्ड जीतने का मौका
  Live Now

IND vs CHN Gold Medal Match: थोड़ी देर में शुरू होगा महिला हॉकी फाइनल, भारत के पास गोल्ड जीतने का मौका

 Written By: Hitesh Jha
 Updated : Oct 02, 2026 04:14 pm IST

IND vs CHN Gold Medal Match: आज एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम का मुकाबला मौजूदा चैंपियन चीन से होगा। इस मुकाबले में गोल्ड मेडल और लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने का मौका दांव पर है।

भारतीय महिला हॉकी टीम- India TV Hindi
भारतीय महिला हॉकी टीम Image Source : AFP

भारतीय महिला हॉकी टीम 44 साल बाद एशियन गेम्स में दोबारा गोल्ड मेडल जीतने के बेहद करीब पहुंच गई है। आज फाइनल मैच में टीम इंडिया का मुकाबला चीन की टीम से काकामीगाहारा में होगा। अगर भारतीय टीम यह मैच जीत जाती है, तो उसे न सिर्फ एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतेगी, बल्कि 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स ओलंपिक का टिकट भी पक्का हो जाएगा। भारत ने पहली और आखिरी बार यह खिताब 1982 में जीता था, जब महिला हॉकी को पहली बार एशियन गेम्स में शामिल किया गया था। इसके बाद भारतीय टीम 1998 और 2018 में भी फाइनल तक तो पहुंची, लेकिन दोनों बार उसे हारकर सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा था।

ग्रुप स्टेज में भारतीय महिला टीम का दिखा शानदार प्रदर्शन

भारतीय महिला हॉकी टीम इस बार बड़े हौसले और आत्मविश्वास के साथ फाइनल में पहुंची है। कप्तान सलीमा टेटे की अगुवाई में टीम ने पूल बी में शुरुआती दौर में जबरदस्त खेल दिखाया और अपने सभी पांचों मैच जीते। इस दौरान भारत ने विरोधी टीमों के खिलाफ कुल 66 गोल किए। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराकर की, फिर इंडोनेशिया को 17-1 और थाईलैंड को 20-0 से मात दी। इसके बाद भारत ने मेजबान देश जापान को 3-1 से हराया और आखिरी मैच में सिंगापुर को 7-0 से हराकर ग्रुप स्टेज में पहला स्थान हासिल किया।

सेमीफाइनल में साउथ कोरिया से मिली कड़ी टक्कर

हालांकि, सेमीफाइनल में साउथ कोरिया के खिलाफ भारत का मुकाबला आसान नहीं था। कोरियाई टीम ने भारतीय प्लेयर्स को रोककर रखा, जिससे मैच काफी फंसा हुआ था। लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने सब्र से काम लिया। मैच के थर्ड क्वार्टर के अंत में इशिका ने गोल करके भारत को बढ़त दिलाई और फिर चौथे हिस्से में कप्तान सलीमा टेटे ने एक और गोल करके भारत की 2-0 से जीत और फाइनल में जगह पक्की कर दी।

 

Live updates :IND vs CHN Asian Games 2026 Gold Medal Match

Auto Refresh
Refresh
  • 4:14 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    शाम 4:30 बजे से शुरू होगा हॉकी मैच

    एशियन गेम्स में भारत और चीन के बीच होने वाला महिला हॉकी का फाइनल मैच अब थोड़ा और देरी से शुरू होगा। मैच के समय में 15 मिनट की और देरी कर दी गई है, जिसकी वजह से अब यह मुकाबला शाम भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे से खेला जाएगा।

  • 4:00 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    फाइनल हॉकी मैच के लिए भारत की प्लेइंग XI

    बिचू देवी खारीबाम (गोलकीपर), सलीमा टेटे (कप्तान), नवनीत कौर, निक्की प्रधान, दीपिका, लालरेमसियामी,नेहा, ज्योति, सुशीला चानू, इशिका चौधरी, सुनेलिता टोप्पो

    सब्स्टीट्यूट्स: शिल्पी डाबस, सविता (गोलकीपर), इशिका, साक्षी राणा, रुतुजा दादासो पिसाल, लालथांतलुआंगी, बलजीत कौर

  • 3:37 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    45 मिनट की देरी से शुरू होगा मुकाबला

    शुक्रवार को एशियन गेम्स में भारत और चीन के बीच होने वाला महिला हॉकी का फाइनल मैच ट्रैफिक जाम की वजह से 45 मिनट देरी से शुरू हुआ। स्टेडियम जाते समय किसी सड़क हादसे के कारण रास्ते में भारी जाम लग गया था, जिसमें दोनों टीमों की बसें फंस गईं। इस वजह से खिलाड़ी समय पर 'गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम' नहीं पहुंच सके। नतीजतन, जो मैच पहले शाम 7 बजे शुरू होने वाला था, उसका समय बदलकर शाम 7:45 बजे कर दिया गया।

  • 3:02 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में साउथ कोरिया को दी थी मात

    भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में साउथ कोरिया को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह पक्की की है। फाइनल मैच में भी भारतीय महिला टीम इस फॉर्म को बरकरार रखना चाहेगी।

  • 2:30 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    भारतीय महिला टीम की नजरें 44 साल के सूखे को खत्म करने पर

    एशियन गेम्स 2026 में महिला हॉकी के इवेंट में भारतीय टीम का सामना चीन की टीम से होगा जिसमें टीम इंडिया की नजरें 44 साल के गोल्ड के सूखे को खत्म करने पर रहने वाली हैं। वहीं इस मैच को जीतने वाली टीम ओलंपिक 2028 के लिए सीधा कोटा भी हासिल कर लेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।