1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया के लिए आसान नहीं एशिया कप की राह, यहां फंसेंगी सबसे बड़ी टेंशन

टीम इंडिया के लिए आसान नहीं एशिया कप की राह, यहां फंसेंगी सबसे बड़ी टेंशन

 Published : Aug 21, 2025 03:42 pm IST,  Updated : Aug 21, 2025 03:42 pm IST

एशिया कप 2025 का खिताब जीतने के लिए टीम इंडिया सबसे मजबूत और प्रबल दावेदार है, लेकिन उसके सामने कुछ चुनौतियां भी हैं, जिनसे पार पाना होगा।

suryakumar yadav- India TV Hindi
सूर्यकुमार यादव Image Source : GETTY

भारतीय क्रिकेट टीम अब एक और खिताब के लिए मैदान में उतरने जा रही है। अब बारी एशिया कप की है, जो इस बार टी20 फॉर्मेट पर खेला जाएगा। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया का ऐलान किया जा चुका है। वैसे एशिया कप का आगाज तो 9 सितंबर से हो जाएगा, लेकिन भारत को अपना पहला मैच 10 सितंबर को खेलना है, जब उसका मुकाबला यूएई से होगा। इसके बाद 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। वैसे तो टीम इंडिया इस खिताब को जीतने की प्रबल दावेदार है, लेकिन कुछ बातें हैं, जो टेंशन पैदा कर सकती हैं। खास तौर पर बल्लेबाजी की गहराई की बात की जाए तो वहां दिक्कत हो सकती है। 

नंबर आठ पर कौन करेगा बल्लेबाजी

एशिया कप में टीम इंडिया के नंबर आठ पर बल्लेबाजी के लिए कौन आएगा, ये बड़ा सवाल होगा। अगर भारतीय टीम की गेंदबाजी को देखें तो जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ये वो गेंदबाज हैं, जिन्हें हर हाल में भारत की प्लेइंग इलेवन में खेलना चाहिए। लेकिन इन चारों की खास बात ये है कि ये गेंदबाजी तो कमाल की करेंगे, लेकिन अगर बल्लेबाजी की जरूर पड़ी तो वे यहां चूक जाएंगे। चारों में से कोई भी बेहतर बल्लेबाज नहीं हैं। जोकि चिंता का विषय है। 

क्या हर्षित राणा को मौका देंगे सूर्या

टी20 ऐसा मैच होता है, जहां भारतीय टीम की कोशिश होती है कि नंबर आठ तक कोई बल्लेबाज मिल जाए। सवाल ये है कि क्या कुलदीप या ​वरुण चक्रवर्ती में से किसी को बाहर कर ​हर्षित राणा को बल्लेबाजी का मौका दिया जाएगा, जोकि ठीकठाक बल्लेबाजी कर लेते हैं। हालांकि अभी तक हर्षित ने केवल एक ही टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला है, ऐसे में उन पर ज्यादा भरोसा करना भी घातक हो सकता है। 

रिस्की हो सकता है ये फैसला

दरअसल मामला ये है कि टीम इंडिया का जो मौजूदा मैनेजमेंट है, वो चाहता है कि बल्लेबाजी क्रम कम से कम आठ नंबर तक हो, ताकि जरूरत पड़ने पर निचले क्रम का बल्लेबाज भी बल्लेबाजी कर पाए। माना जा रहा है कि इसी वजह से हर्षित राणा को टीम में शामिल किया गया है, जबकि जैसा कि पहले ही बताया, उनके पास केवल एक ही टी20 इंटरनेशनल मैच का अनुभव है। 

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल