A
Hindi News खेल क्रिकेट साउथ अफ्रीका को मिली वनडे इतिहास की सबसे बड़ी हार, इंग्लैंड ने तोड़ा भारत का वर्ल्ड रिकॉर्ड

साउथ अफ्रीका को मिली वनडे इतिहास की सबसे बड़ी हार, इंग्लैंड ने तोड़ा भारत का वर्ल्ड रिकॉर्ड

इंग्लैंड ने तीसरे वनडे मैच में साउथ अफ्रीका को 342 रनों से मात दी। यह वनडे क्रिकेट में रनों के हिसाब से किसी भी टीम के लिए सबसे बड़ी जीत है।

Joe Root- India TV Hindi Image Source : AP जो रूट

इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को वनडे सीरीज के तीसरे और अंतिम मैच में 342 रनों से मात दी। यह वनडे क्रिकेट में किसी भी टीम के लिए सबसे बड़ी जीत है। इसी के साथ ही इंग्लैंड की टीम वनडे में रनों के अंतर से जीत दर्ज करने के मामले में टीम इंडिया का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब रही। वनडे में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड इससे पहले टीम इंडिया के नाम था। उन्होंने 2023 में श्रीलंका को 317 रनों से हराया था। लेकिन अब ये रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम हो चुका है। वहीं इस मैच को हारने के बावजूद साउथ अफ्रीका की टीम सीरीज को 2-1 से अपने नाम करने में कामयाब रही।

जो रूट और जैकब बेथेल ने इंग्लैंड के लिए लगाया शतक

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत अच्छी रही। पहले विकेट के लिए जैमी स्मिथ और बेन डकेट के बीच 59 रन की पार्टनरशिप हुई। स्मिथ 48 गेंदों पर 62 रन और बेन डकेट 33 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जो रूट और जैकब बेथेल ने मोर्चा संभाला। तीसरे विकेट के लिए 144 गेंदों पर 182 रनों की साझेदारी की। दोनों ही बल्लेबाज इस मैच में शतक पूरा करने में कामयाब रहे। रूट ने 96 गेंदों पर 100 तो वहीं बेथेल ने 82 गेंदों पर 110 रनों की पारी खेली। अंत के ओवर में जोस बटलर ने 32 गेंदों पर 62 रन बनाए तो वहीं विल जैक्स ने 8 गेंदों पर 19 रन बनाए। इंग्लैंड की टीम 50 ओवर बैटिंग करने के बाद 5 विकेट के नुकसान पर 414 रन बनाने में कामयाब रही।

साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों का प्रदर्शन रहा बेहद ही साधारण

415 रन के टारगेट को हासिल करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ओवर की तीसरी गेंद पर टीम को पहला झटका लगा, जब एडन मार्करम बिना खाता खोले आउट हो गए। अगले ही ओवर में वियान मुल्डर भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। देखते ही देखते 18 के स्कोर पर आधी अफ्रीकी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। 24 के स्कोर पर ही टीम को छठा झटका लगा, जब डेवाल्ड ब्रेविस 12 गेंदों पर 6 रन बनाकर आउट हो गए। इस मैच में साउथ अफ्रीका के सिर्फ तीन बल्लेबाज डबल डिजिट स्कोर तक पहुंच पाए। टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कोर्बिन बॉश रहे, उन्होंने 32 गेंदों पर 20 रनों की पारी खेली। अफ्रीकी टीम 72 रन बनाकर आउट हो गई। यह वनडे में उनका दूसरा सबसे लोएस्ट स्कोर है। इंग्लैंड की तरफ से जोफ्रा आर्चर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। वहीं आदिल रशीद ने 3 विकेट चटकाए।

यह भी पढ़ें

श्रीलंकाई टीम ने पहली बार इस देश में जीती T20I सीरीज, कर डाला ऐसा करिश्मा

भारतीय टीम ने जीता हॉकी एशिया कप 2025 का खिताब, वर्ल्ड कप के लिए भी कर लिया क्वालीफाई; पाकिस्तान को पछाड़ा

Latest Cricket News