1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारतीय टीम ने जीता हॉकी एशिया कप 2025 का खिताब, वर्ल्ड कप के लिए भी कर लिया क्वालीफाई; पाकिस्तान को पछाड़ा

भारतीय टीम ने जीता हॉकी एशिया कप 2025 का खिताब, वर्ल्ड कप के लिए भी कर लिया क्वालीफाई; पाकिस्तान को पछाड़ा

 Written By: Govind Singh
 Published : Sep 07, 2025 09:16 pm IST,  Updated : Sep 08, 2025 01:50 am IST

भारतीय टीम ने साउथ कोरिया को धमाकेदार अंदाज में पटखनी दी है और चौथी बार हॉकी एशिया कप का खिताब जीत लिया है। भारतीय टीम कोरियाई टीम पर भारी पड़ी है।

indian hockey team- India TV Hindi
भारतीय हॉकी टीम Image Source : @THEHOCKEYINDIA X

Indian Hockey Team: भारतीय टीम ने हॉकी एशिया कप 2025 का खिताब साउथ कोरिया को 4-1 से हराकर जीत लिया है। भारत के सामने कोरियाई टीम टिक नहीं पाई। खिताब जीतने के साथ ही भारत ने अगले साल होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन किया और एक भी मैच नहीं हारा। फाइनल में भारतीय जांबाजों ने एकतरफा अंदाज में कोरियाई टीम को धूल चटाई है।

सुखजीत ने शुरुआत में ही किया गोल

भारतीय टीम की मुकाबले में धमाकेदार शुरुआत हुई, जब मैच शुरू होने के चंद सेकेंड के अंदर ही सुखजीत सिंह ने गोल कर दिया और भारतीय टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भारतीय प्लेयर्स ने आक्रामक रुख अपनाया और ज्यादातर समय गेंद को अपने पास रखा। साउथ कोरिया की अनुभवी टीम भी भारत के आगे दबाव में दिखी। जुगराज सिंह के पास पेनाल्टी कॉर्नर से गोल करने का मौका था, लेकिन वह चूक गए।

दिलप्रीत ने बढ़त को किया दोगुना

दूसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने 27वें मिनट में गोल किया। इससे भारतीय टीम में नई ऊर्जा का संचार हुआ और उसकी लीड दोगुनी हो गई। इस गोल के बाद भी भारत ने अटैक करना जारी रखा। दूसरी तरफ साउथ कोरिया के प्लेयर्स ने गोल करने के मौके बनाए, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।

भारतीय खिलाड़ी संजय को ग्रीन कार्ड मिला था। इसी वजह से तीसरे क्वार्टर में भारतीय हॉकी टीम 10 प्लेयर्स के साथ उतरी। फिर इसी क्वार्टर के आखिरी में भारत के लिए दिलप्रीत सिंह ने गोल किया, जो मैच में उनका दूसरा गोल था। फिर चौथे क्वार्टर में भारत के लिए अमित रोहिदास ने 49वें मिनट में गोल दागा और भारत की बढ़त 4-0 की कर दी। कोरियाई प्लेयर्स मैच में बिल्कुल थके हुए नजर आए और अच्छा नहीं कर सके। 50वें मिनट में उनके लिए सोन दियान ने एकमात्र गोल किया। अंत में भारत ने 4-1 से मैच अपने नाम कर लिया और वर्ल्ड कप का टिकट भी कटा लिया।

पाकिस्तान को पछाड़ा

भारतीय हॉकी टीम ने चौथी बार एशिया कप का खिताब जीता है। भारत ने इससे पहले साल 2017, 2007, 2003 में हॉकी एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की थी। भारत ने पाकिस्तान को पछाड़ दिया। पाकिस्तान ने तीन बार (1982, 1985, 1989) ही हॉकी एशिया कप का खिताब जीता था। 

यह भी पढ़ें:

जैकब बेथेल ने लगाया इंटरनेशनल करियर का पहला शतक, 134 मैचों के बाद देखने को मिला ऐसा दिन

ODI मैच में 400+ रन, तूफानी खेल से भारत के बराबर पहुंचा इंग्लैंड; इस वर्ल्ड रिकॉर्ड पर मंडराया खतरा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल