चोट ने किया टीम का काम खराब, टूर्नामेंट से बाहर हो गया धाकड़ कप्तान
साउथ अफ्रीका में SA20 लीग खेली जा रही है। इस लीग के बीच एक टीम को तगड़ा झटका लगा है। जोबर्ग सुपर किंग्स के कप्तान फाफ डुप्लेसी चोट के कारण बाहर हो गए हैं।
Faf Du plessis injury: साउथ अफ्रीका में इस समय घरेलू T20 क्रिकेट लीग यानी SA20 की धूम मची हुई है। SA20 2026 सीजन का 26 दिसंबर 2025 को आगाज हुआ था और अब तक 22 मैच खेले जा चुके हैं। इस बीच एक अहम खिलाड़ी की चोट ने क्रिकेट फैंस और जोबर्ग सुपर किंग्स की टीम को परेशानी में डाल दिया है। दरअसल, जोबर्ग सुपर किंग्स के स्टार खिलाड़ी फाफ डुप्लेसी चोटिल हो गए हैं, जिसका टीम को बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ा है। फाफ डुप्लेसी चोट के कारण सीजन के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। डुप्लेसी इस सीजन अपनी टीम के कप्तान थे। ऐसे में जोबर्ग सुपर किंग्स को तगड़ा झटका लगा है।
फील्डिंग करते हुए लगी चोट
फाफ डुप्लेसी के दाहिने अंगूठे के लिगामेंट में चोट है, जिसके लिए सर्जरी की जरूरत होगी। उन्हें यह चोट 10 जनवरी को MI केप टाउन के खिलाफ मैच में फील्डिंग करने समय लगी। इसके बाद वह मैच में बल्लेबाजी करने भी नहीं आए। नतीजा ये हुआ कि टीम 235 रनों का बड़ा लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई और 36 रनों से मैच हार गई। JSK के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने मैच के बाद पुष्टि की कि डुप्लेसी के अंगूठे की हालत इतनी खराब थी कि वह बल्ला भी नहीं पकड़ पा रहे थे।
रिप्लेसमेंट का अब तक नहीं हुआ ऐलान
फ्लेमिंग ने कहा कि उनका अंगूठा जमीन में फंस गया था और उन्हें काफी चोट आई है। जाहिर है, चोट इतनी ज्यादा था कि वह बल्लेबाजी नहीं कर सके, जो अच्छा नहीं था। जब आप 200 रन का पीछा कर रहे होते हैं तो आपको अपने स्टार खिलाड़ियों की जरूरत होती है। ऐसे में उन्हें खोना एक और बड़ा फैक्टर साबित हुआ, लेकिन हम आगे क्या होता है, इस पर विचार करेंगे।
डुप्लेसी ने इस सीजन में पांच पारियों में 151.68 के स्ट्राइक रेट से 135 रन बनाए हैं। JSK ने पुष्टि की है कि उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा जल्द ही की जाएगी। यह JSK के लिए दूसरी बड़ी चोट है, इससे पहले राइली रूसौ को हैमस्ट्रिंग की शिकायत के कारण बाकी सीजन से बाहर कर दिया गया था। JSK अभी पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है। टीम ने सात मैचों में तीन जीत हासिल की हैं और उसके 17 पॉइंट्स हैं।
यह भी पढ़ें
IND vs NZ: कितने बजे से शुरू होगा भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा वनडे, नोट कीजिए टाइम और डेट
