1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड की पूर्व क्रिकेटर को मिली जान से मारने की धमकी, वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल पर उठाए थे सवाल

इंग्लैंड की पूर्व क्रिकेटर को मिली जान से मारने की धमकी, वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल पर उठाए थे सवाल

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मैचों के शेड्यूल पर इंग्लैंड की पूर्व क्रिकेटर केट क्रॉस को सवाल उठाना भारी पड़ गया। केट क्रॉस को ऑनलाइन धमकियों का सामना करना पड़ा।

Kate Kross- India TV Hindi
Image Source : AFP केट क्रॉस

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल शेड्यूल पर सवाल उठाने के बाद इंग्लैंड की पूर्व क्रिकेटर केट क्रॉस को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां और अभद्र संदेश मिलने लगे हैं। केट क्रॉस ने कहा कि उन्होंने केवल टूर्नामेंट के कार्यक्रम को लेकर अपनी राय रखी थी, लेकिन उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें निशाना बनाया गया।

केट क्रॉस ने अपनी साथी पूर्व क्रिकेटर एलेक्स हार्टली के साथ अपने पॉडकास्ट नो बॉल्स: द क्रिकेट पॉडकास्ट में इस पूरे मामले का खुलासा किया। हार्टली ने बताया कि दोनों को सोशल मीडिया पर लगातार धमकियां और आपत्तिजनक संदेश मिल रहे हैं। केट क्रॉस ने कहा कि उन्होंने सुबह उठकर जब इंस्टाग्राम देखा तो उनके एक पोस्ट पर करीब 450 कमेंट्स थे, जबकि आमतौर पर एक पोस्ट पर 30 के आसपास प्रतिक्रियाएं आती हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बात को गलत संदर्भ में लिया गया और इतनी तीखी प्रतिक्रिया की कोई वजह नहीं थी।

शेड्यूल पर खड़े हुए सवाल

दरअसल, विवाद T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल शेड्यूल को लेकर शुरू हुआ। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार, यदि भारत सेमीफाइनल में पहुंचता, तो वह 30 जून को पहला सेमीफाइनल खेलता, जबकि सामान्य स्थिति में ग्रुप ए की शीर्ष टीम का मुकाबला ग्रुप बी की दूसरे स्थान की टीम से 2 जुलाई को होना था। इसी विशेष प्रावधान पर केट क्रॉस और एलेक्स हार्टली ने सवाल उठाए थे। बाद में एलेक्स हार्टली ने बताया कि उन्होंने इस मामले में ICC से सीधे बात की। ICC ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था किसी एक टीम, खासकर भारत, को ध्यान में रखकर नहीं बनाई गई थी। बोर्ड के अनुसार सेमीफाइनल के समय का निर्धारण ब्रिटेन और दुनियाभर के दर्शकों की अधिकतम संख्या को ध्यान में रखते हुए किया गया था।

केट क्रॉस ने ट्रोलर्स को जमकर सुनाया

केट क्रॉस ने कहा कि अब स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है और वह उन लोगों की आभारी हैं, जिन्होंने उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर असहमति होना स्वाभाविक है, लेकिन लोगों को अपनी भाषा और व्यवहार में संयम रखना चाहिए। उन्होंने यह भी साफ किया कि उनका उद्देश्य भारत या भारतीय क्रिकेट टीम की आलोचना करना नहीं था। उनका कहना था कि किसी भी बड़े टूर्नामेंट का शेड्यूल किसी एक टीम के संभावित क्वालिफिकेशन को ध्यान में रखकर नहीं बनाया जाना चाहिए। हालांकि, बाद में ICC की सफाई के बाद उन्हें भी पूरी स्थिति समझ में आ गई। केट क्रॉस ने अंत में अपील की कि किसी की बात को बोलते समय उसके वास्तविक शब्दों का ही इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों ने उनकी बात का अलग अर्थ निकाल लिया, जिससे अनावश्यक विवाद खड़ा हो गया और उन्हें धमकियों का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें:

पहला मैच बारिश के कारण रद, अब कब खेला जाएगा भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा टी20 मुकाबला

इंग्लिश कप्तान सेमीफाइनल से पहले फिट, साउथ अफ्रीका के खिलाफ दिखेगा जलवा

Latest Cricket News