1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 15 साल के वैभव ने खोल दी T20 क्रिकेट की पोल? टीम इंडिया के पूर्व कोच ने उठाए बड़े सवाल

15 साल के वैभव ने खोल दी T20 क्रिकेट की पोल? टीम इंडिया के पूर्व कोच ने उठाए बड़े सवाल

वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों की जमकर खबर ली। हालांकि, वैभव के इस शानदार प्रदर्शन को देखने के बाद टीम इंडिया के पूर्व कोच ने T20 क्रिकेट पर कई बड़े सवाल उठाए हैं।

Vaibhav Sooryavanshi - India TV Hindi
Image Source : AP वैभव सूर्यवंशी

IPL 2026 में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया भर के क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया। लेकिन उनकी रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी के बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रैग चैपल ने T20 क्रिकेट को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। चैपल का मानना है कि अगर एक लड़का दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों पर इतनी आसानी से हावी हो रहा है, तो यह सिर्फ टैलेंट की कहानी नहीं बल्कि T20 क्रिकेट के बिगड़ते संतुलन का संकेत भी है।

20 ओवर फॉर्मेट में बल्लेबाजों का बोलबाला

ESPNक्रिकइन्फो के लिए लिखे अपने कॉलम में चैपल ने कहा कि मॉडर्न T20 क्रिकेट पूरी तरह बल्लेबाजों के पक्ष में झुक चुका है। उन्होंने माना कि वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन शानदार था, लेकिन इस तरह की पारियां अब असाधारण नहीं बल्कि आम होती जा रही हैं।

राजस्थान रॉयल्स के लिए IPL 2026 में वैभव ने 237.3 की धमाकेदार स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 72 छक्के लगाए और एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों के क्रिस गेल के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। चैपल ने लिखा कि वैभव ने दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों को जिस तरह तहस-नहस किया, वह क्रिकेट इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा। हालांकि, चैपल ने साफ कहा कि अगर एक ऐसा खिलाड़ी, जिसका शरीर अभी पूरी तरह विकसित भी नहीं हुआ, इंटरनेशनल लेवल के गेंदबाजों को इतनी आसानी से दबाव में डाल रहा है, तो खेल में कहीं न कहीं गंभीर समस्या है। उनके मुताबिक T20 क्रिकेट अब गेंद और बल्ले के बीच संतुलन खो चुका है।

भारतीय टीम के पूर्व कोच ने IPL के इम्पैक्ट प्लेयर नियम को भी निशाने पर लिया। उनका कहना है कि इस नियम ने बल्लेबाजी टीमों को अतिरिक्त स्पेशलिस्ट बल्लेबाज उतारने की छूट दे दी है, जिससे गेंदबाजों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। चैपल के मुताबिक अब T0 क्रिकेट धीरे-धीरे सिर्फ चौके-छक्कों का शो बनता जा रहा है।

T20 क्रिकेट के लिए सुझाए बड़े बदलाव

T20 क्रिकेट को बचाने के लिए चैपल ने तीन बड़े बदलाव सुझाए हैं। उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी टीम को 10 की बजाय सिर्फ 6 विकेट मिलने चाहिए, ताकि बल्लेबाज हर गेंद पर लापरवाही से शॉट खेलने की जगह सोच-समझकर जोखिम लें।इसके अलावा उन्होंने पिचों पर ज्यादा घास रखने की बात कही, जिससे तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिल सके। चैपल चाहते हैं कि पिच का एक सिरा घास वाला और दूसरा सूखा हो, ताकि मैच में थोड़ी विविधता देखने को मिल सके। चैपल का तीसरा सुझाव LBW नियम को लेकर था। उन्होंने कहा कि अगर कोई गेंद स्टंप्स पर लगती दिखाई दे रही है, तो बल्लेबाज को आउट दिया जाना चाहिए, चाहे गेंद कहीं भी पिच हुई हो। उनका मानना है कि इससे गेंदबाजों को मुकाबले में वापसी का बेहतर मौका मिलेगा।

यह भी पढ़ें:

T20I सीरीज के लिए टीम का ऐलान, एक साथ 3 खिलाड़ियों की वेस्टइंडीज स्क्वाड में वापसी

मानव सुथार पहले ही मुकाबले में बने प्लेयर ऑफ द मैच, टेस्ट डेब्यू में ही रच दिया इतिहास

Latest Cricket News