1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मानव सुथार पहले ही मुकाबले में बने प्लेयर ऑफ द मैच, टेस्ट डेब्यू में ही रच दिया इतिहास

मानव सुथार पहले ही मुकाबले में बने प्लेयर ऑफ द मैच, टेस्ट डेब्यू में ही रच दिया इतिहास

 Published : Jun 08, 2026 04:32 pm IST,  Updated : Jun 08, 2026 04:32 pm IST

मानव सुथार की जबरदस्त गेंदबाजी से भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हरा दिया। उन्होंने पहली पारी में छह और दूसरी में एक विकेट लिया। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड भी दिया गया।

manav suthar- India TV Hindi
मानव सुथार Image Source : AP

मानव सुथार ने अपने डेब्यू इंटरनेशनल मैच में ही इतनी जबरदस्त गेंदबाजी की कि अफगानिस्तान की टीम मैच के तीसरे ही दिन चारोखाने चित्त हो गई। वैसे तो मुकाबले में भारत की ओर से दो शतक लगे और वॉशिंगटन सुंदर ने भी कमाल की गेंदबाजी की, लेकिन मानव का प्रदर्शन इतना लाजवाब था कि उन्हें अपने पहले ही मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड भी मिल गया। वे भारत के लिए टेस्ट डेब्यू में ही ये अवार्ड हासिल करने वाले नौवें खिलाड़ी बन गए हैं। 

भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से पीटा

भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को टेस्ट मुकाबले में पारी और 300 रन से हरा दिया है। ये भारत की टेस्ट में सबसे बड़ी जीत भी हो गई है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल ने शतकीय पारियां खेली। इसके बाद मानव सुथार ने अफगानिस्तान को बहुत जल्दी समेट दिया। 

मानव ने पहली पारी में छह और दूसरी में एक विकेट अपने नाम किया

मानव ने अफगानिस्तान की पहली पारी में 22 ओवर की गेंदबाजी कर 6 विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने 33 रन दिए और 10 मेडन ओवर भी डाले। अपने डेब्यू में ही 5 विकेट लेने वाले वे भारत के दसवें गेंदबाज बन गए हैं। इसके बाद दूसरी पारी में मानव ने 10 ओवर में 29 रन खर्च किए और एक विकेट अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की। इस दौरान उन्होंने दो ओवर मेडन डाले। भारतीय टीम जब पहली पारी में बल्लेबाजी कर रही थी, तब मानव सुथार ने 41 बॉल पर 28 बेशकीमती रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से दो चौके और दो छक्के आए। पारी में उनसे ज्यादा छक्के केवल ऋषभ पंत ने लगाए, जिनके खाते में तीन छक्के हैं। 

मैच के बाद दिल खोलकर बोले मानव सुथार

मैच के बाद जब मानव सुथार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ये अपने आप में एक अनरियल सी ​फीलिंग थी। जब से वे क्रिकेट खेल रहे हैं, एक ही सपना था कि भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलें और वो अब पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि जब वे बैटिंग के लिए गए तो धीरे धीरे सेटल हो गए और पहली दो चार बॉल में ही समझ में आ गया था कि पिच में स्पिनर्स के लिए मदद है। मानव बोले कि उनकी कोशिश यही ​थी कि सही लाइन और लेंथ पर बॉल डाली जाए, जिसमें वे सफल रहे। उन्होंने कहा कि इस मैच से सीखा कि लगातार बॉलिंग करनी है तो लाइन हमेशा पकड़ कर रखी जाए। टेस्ट क्रिकेट सब्र का खेल है। 

अपने टेस्ट डेब्यू में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले भारत के नौंवे खिलाड़ी

भारत के लिए अब तक केवल 9 ही गेंदबाज ऐसे हुए हैं, जिन्होंने अपने टेस्ट डेब्यू में ही प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड जीता है। पहली बार ये काम साल 1992 में प्रवीण आमरे ने किया था। वहीं आखिरी बार ये काम यशस्वी जायसवाल ने किया था। जब उन्होंने साल 2023 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। अब इसमें नया नाम मानव सुथार का भी जुड़ गया है। यहां पूरी लिस्ट दी गई है, जिन भारतीय प्लेयर्स ने टेस्ट डेब्यू में मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का अवार्ड जीता है। 

Indian players who won the Player of the Match award on their debut Test
Image Source : INDIA TVडेब्यू टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी

यह भी पढ़ें 

टीम इंडिया ने दर्ज की टेस्ट क्रिकेट की सबसे बड़ी जीत, 8 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त

वॉशिंगटन सुंदर ने पहले बैट से किया कमाल, फिर गेंद से पूरे कर लिए 100 विकेट

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल