भारत बनाम इंग्लैंड दूसरे वनडे मुकाबले से पहले आईसीसी ने टीम इंडिया के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार के खिलाफ एक्शन लिया है। वनडे सीरीज के पहले मैच में बरार ने मुकाबले के दौरान ऐसी हरकत कर दी थी, जो ठीक नहीं मानी गई। मैच में बरार ने दो विकेट लिए थे और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका भी अदा की थी। हालांकि आईसीसी ने बरार पर ना तो कोई जुर्माना लगाया है और ना ही उन्हें आगे के मैच खेलने से रोका है।
बरार ने किया आईसीसी की आचार संहिता का उल्लंघन
गुरनूर बरार ने हाल ही में टीम इंडिया के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया है। भारत बनाम इंग्लैंड पहले वनडे में ICC के आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए बरार को चेतावनी दी गई है। इतना ही नहीं इंटरनेशनल मैच के दौरान किसी खिलाड़ी पर या उसके पास गलत या खतरनाक तरीके से गेंद फेंकने के लिए एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है। यह घटना पहले वनडे में इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर में हुई।
इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर में हुआ था पूरा घटनाक्रम
दरअसल जब इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी कर रही थी, तब पारी का आठवां ओवर गुरनूर बरार लेकर आए। बरार ने बेन डकेट को ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद डाली। डकेट ने आगे झुककर सीधा शॉट खेला, लेकिन गेंद बल्ले के अंदरूनी हिस्से से लगकर वापस गेंदबाज की ओर चली गई। बरार ने गेंद उठाई और तुरंत बल्लेबाज की तरफ वापस फेंक दी। इससे डकेट बाल बाल बच गए। हालांकि कोई रन नहीं बना। इसके बाद बरार अपील करते हुए और हाथ फैलाते हुए भी दिखाई दिए। लेकिन अंपायर ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
बेन डकेट को बरार ने ही आउट कर भेजा था पवेलियन
गुरनूर बरार अभी हाल में ही टीम इंडिया में जगह पाने में कामयाब रहे हैं। जब वे गेंदबाजी के लिए आए तो इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट और जैकब बैथल ने मिलकर उनकी गेंदों पर खूब रन बनाए। इससे बरार कुछ निराश भी नजर आ रहे थे। इसलिए जब डकेट की खेली बॉल उनके पास आई तो गुस्से में उन्होंने उसे वापस फेंक दिया, जो कि नियमों के अनुसार सही नहीं माना गया है। हालांकि बाद में बरार ने ही अपनी शानदार बॉल पर बेन डकेट को आउट कर वापस पवेलियन भेजा था।
यह भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी कब खेलेंगे अगला इंटरनेशनल मुकाबला, तीन मैचों की होगी टी20 सीरीज
क्या बदल जाएगी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन? शुभमन गिल फिट तो किस पर है सस्पेंस
Latest Cricket News