भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज के बाद अब तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू हो चुकी है। इस बीच आज के मैच के लिए जब टॉस हुआ तो कप्तान शुभमन गिल ने ऐलान किया कि गुरनूर बरार भी आज का मैच खेल रहे हैं। हालांकि पहले इसकी संभावना कम थी। इस बीच पहले बदलाव के तौर पर जब बरार को बॉलिंग के लिए लाया गया तो पहले दो ओवर में उनकी जमकर पिटाई हुई, लेकिन इसके बाद जब उन्होंने वापसी की तो एक ही ओवर में दो विकेट लेकर अंग्रेजों की हालत पतली कर दी। इससे पहले टीम इंडिया टी20 सीरीज हार चुकी है, इसकी टीस जरूर होगी।
बेन डकेट और जैकब बैथल ने दी सधी हुई शुरुआत
इंग्लैंड की टीम जब पहले बल्लेबाजी करने उतरी तो बेन डकेट और जैकब बैथल ने अच्छी शुरुआत देने की कोशिश की। बैथल तो खैर फिर भी थोड़ा संभलकर खेल रहे थे, लेकिन बेन डकेट ने आक्रामक रुख अपनाया। शुरुआती कुछ ओवर्स में प्रसिद्ध और जसप्रीत बुमराह ने बॉलिंग की। बुमराह ने अंग्रेजों को काफी हद तक बांध के रखा।
पहले हुई पिटाई फिर बेन डकेट और जैकब बैथल को किया आउट
जब इंग्लैंड की पारी के सात ओवर पूरे हो चुके थे, तब तक इंग्लैंड ने 20 ही रन बनाए थे। इस बीच कप्तान गिल ने आठवां ओवर गुरनूर बरार को दे दिया। इस ओवर में बेन डकेट ने एक चौका और दो छक्के ठोक दिए। कुल मिलाकर बरार के ओवर में 16 रन गए। इसके बाद अगले ओवर में फिर से बरार ने 10 रन दे दिए। इस तरह से दे ही ओवर में 16 रन चले गए। पारी के 13वें ओवर में बरार ने दूसरी बॉल पर पहले जैकब बैथल को चलता किया और इसके बाद चौथी बॉल पर बेन डकेट को भी पवेलियन भेज दिया।
बुमराह ने भी कप्तान हैरी ब्रूक को भेजा पवेलियन
बेन डकेट ने आउट होने से पहले 45 बॉल पर 43 रन की एक अच्छी पारी खेली, इसमें छह चौके और दो छक्के शामिल रहे। जैकब बैथल नाकाम रहे, वे 31 बॉल पर केवल 14 ही रन बना सके। बरार ने एक ही ओवर में बैक टू बैक दो विकेट लेकर इंग्लैंड की सलामी जोड़ी को वापस भेज दिया था, इसी बीच जसप्रीत बुमराह ने कप्तान हैरी ब्रूक को आउट कर एक और झटका विरोधी टीम को दे दिया।
पंजाब के मुक्तसर में हुआ है बरार का जन्म
इस बीच गुरनूर बरार के बारे में कुछ बातें जरूर पता होनी चाहिए। उन्होंने अभी कुछ ही दिन पहले अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था, हालांकि इसके बाद भी ज्यादा लोग उन्हें नहीं जानते हैं। गुरनूर बरार का जन्म पंजाब के मुक्तसर में हुआ है। वे राइट आर्म फास्ट बॉलर हैं। उनकी लंबाई छह फीट और 5 इंच की है, जो करीब 196 सेंटीमीटर हुई, इसको लेकर उनकी चर्चा होती है।
मुंबई इंडियंस के नेट बॉलर से टीम इंडिया तक का सफर
इससे पहले साल 2019 में गुरनूर बरार आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए नेट बॉलर की भूमिका निभा चुके हैं। साल 2022 में उन्होंने पंजाब के लिए अपने डोमेस्टिक क्रिकेट का डेब्यू किया था। बरार लंबे कद के लिए हैं, इसलिए उन्हें अच्छी बाउंस मिलती है। साथ ही वे करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं। इस बीच वे पंजाब और गुजरात टाइटंस का भी हिस्सा रहे हैं। लगातार विकेट लेने के कारण ही बीसीसीआई की सिलेक्शन कमेटी का ध्यान बरार की ओर गया और वे वनडे में अच्छा खेल दिखा रहे हैं।
यह भी पढ़ें
टीम इंडिया के कोचिंग स्टॉफ में हो सकता है बदलाव, बीसीसीआई से मंजूरी का किया जा रहा है इंतजार
आईसीसी रैंकिंग में कैसी है भारत और इंग्लैंड की रैंकिंग, वनडे सीरीज से पहले जान लीजिए