1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. क्या बदल जाएगी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन? शुभमन गिल फिट तो किस पर है सस्पेंस

क्या बदल जाएगी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन? शुभमन गिल फिट तो किस पर है सस्पेंस

 Published : Jul 16, 2026 01:08 pm IST,  Updated : Jul 16, 2026 01:08 pm IST

भारत बनाम इंग्लैंड दूसरे वनडे से पहले टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल पूरी तरह से फिट हैं। इस बीच गुरनूर बरार को लेकर अपडेट नहीं आया है। यानी आज प्लेइंग इलेवन में बहुत ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।

shubman gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : AP

भारत और इंग्लैंड के बीच आज वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। सीरीज का पहला मैच जीतकर टीम इंडिया लीड बना चुकी है और अब उसकी कोशिश दूसरा मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर होगी। इस बीच सवाल है कि क्या टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव होगा। खबर है कि कप्तान शुभमन गिल पूरी तरह से फिट हैं और वे खेलेंगे। लेकिन नए तेज गेंदबाज गुरुनूर बरार की बात करें तो उनको लेकर सस्पेंस है। 

वनडे सीरीज के पहले मैच में शुभमन गिल ने खेली थी 80 रनों की पारी

भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ जारी वनडे सीरीज का पहला मैच तो जीत लिया था, लेकिन उस वक्त झटका लगा, जब कप्तान शुभमन गिल चोट के कारण बीच मैच में मैदान छोड़कर चले गए। गिल पारी का आगाज करने के लिए आए थे। जब वे 80 रन पर खेल रहे थे, तब उन्हें दिक्कत हुई और वे वापस चले गए। हालांकि अगर वे खेलते तो उनके पास मौका था कि वे अपना शतक बनाते। इस बीच अब खबर है कि उनकी चोट पूरी तरह से ठीक हो चुकी है और आज जब मैच शुरू होगा तो वे मैदान में नजर आएंगे। 

गुरनूर बरार को लेकर अभी तक नहीं आया है कोई अपडेट

इस बीच नए तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को लेकर अभी तक कोई अपडेट सामने नहीं आया है। वे भी पहले मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। बरार को उस मैच में दो विकेट मिले थे। उन्होंने इंग्लैंड के दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर टीम इंडिया को मैच में आने का मौका दिया। इस बीच अगर गुरनूर बरार इस मैच में नहीं खेलते हैं तो विकल्प के तौर पर भारत के पास अर्शदीप सिंह और ​प्रिंस यादव जैसे तेज गेंदबाज मौजूद हैं, जो उनकी जगह ले सकते हैं। बाकी और कोई बदलाव की फिलहाल संभावना नहीं दिखती। 

रोहित शर्मा और विराट कोहली को बनाने होंगे रन

टीम इंडिया ने भले ही इस मैच को जीत लिया हो, लेकिन टीम की टेंशन ये है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के रन नहीं बने। रोहित शर्मा जहां केवल 11 रन बनाकर आउट हो गए, वहीं विराट कोहली केवल पांच रन बना सके। उम्मीद की जानी चाहिए कि कम से कम इस मैच में तो इन दोनों के नहीं तो एक के बल्ले से तो बड़ी पारी जरूर आएगी। इस सीरीज का रोमांच इन्हीं दो बल्लेबाजों को लेकर है। देखना होगा कि वे कैसा खेल दिखाते हैं। 

टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, वॉशिंगटन सुंदर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़/प्रिंस यादव/अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह। 

यह भी पढ़ें 

गिल के पास दूसरे वनडे में कोहली-धोनी को एक साथ पीछे छोड़ने का मौका, खेलनी होगी बस फिफ्टी प्लस रनों की पारी

आज कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम इंग्लैंड वनडे, बदला हुआ समय नोट कीजिए

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल