1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही हैं ये 7 भारतीय खिलाड़ी, यहां देखें पूरी लिस्ट

पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही हैं ये 7 भारतीय खिलाड़ी, यहां देखें पूरी लिस्ट

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ICC वूमेन्स वर्ल्ड कप 2025 में पहले 2 मैच जीतकर शानदार फॉर्म मे है। श्रीलंका और फिर पाकिस्तान हराकर टीम इंडिया के हौसले बुलंद हैं। अब भारतीय टीम अपने तीसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका का सामना करेगी।

Indian Women's Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : PTI भारतीय महिला क्रिकेट टीम

ICC Women's World Cup 2025: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में शानदार आगाज किया है। टीम इंडिया ने अपने पहले दो मुकाबलों में श्रीलंका और पाकिस्तान को हराकर टूर्नामेंट की जोरदार शुरुआत की है। अब भारत की नजर अपने तीसरे मैच में साउथ अफ्रीका पर जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की राह मजबूत करने पर होगी। इस बार भारतीय टीम ने अनुभवी सितारों और नई पीढ़ी की खिलाड़ियों के बेहतरीन मिश्रण के साथ वर्ल्ड कप में कदम रखा है। कई युवा चेहरों ने पहली बार वर्ल्ड कप में शिरकत करते हुए सबका ध्यान खींचा है। आइए जानते हैं, कौन-कौन सी खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में पहली बार भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं:-

प्रतिका रावल

भारत की नई ओपनर प्रतिका रावल ने लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाई। अब तक खेले दो मैचों में उन्होंने भले ही बड़ी पारी न खेली हो, लेकिन 31 और 37 रन की उपयोगी पारियों से टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई है।

हरलीन देओल

ऑलराउंडर हरलीन देओल पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही हैं और शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं। श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने कुल 94 रन बनाए हैं, जिसमें 48 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है। वह इस वक्त भारत की टॉप रन-स्कोरर हैं और टूर्नामेंट की सर्वाधिक रन बनाने वाली चौथी बल्लेबाज हैं।

एन. श्री चरणी

21 साल की श्री चरणी टीम इंडिया की युवा लेफ्ट-आर्म स्पिनर हैं। श्रीलंका के खिलाफ अपने पहले ही वर्ल्ड कप मैच में उन्होंने 24 रन देकर 2 विकेट चटकाए। पाकिस्तान के खिलाफ वह विकेट नहीं ले सकीं, लेकिन टीम को उनसे आगे के मैचों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

राधा यादव

अनुभवी T20 खिलाड़ी राधा यादव वनडे वर्ल्ड कप में पहली बार हिस्सा ले रही हैं। अब तक उन्होंने भारत के लिए 11 वनडे मैच खेले हैं। फैंस को उम्मीद है कि 9 अक्टूबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में वह इस टूर्नामेंट में अपना डेब्यू करेंगी।

अमनजोत कौर

टीम की स्टार ऑलराउंडर अमनजोत कौर ने वर्ल्ड कप के अपने पहले ही मैच में दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 57 रनों की शानदार पारी खेली और 1 विकेट भी लिया। अपनी तेज गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों से वह टीम के लिए अहम साबित हो रही हैं।

अरुंधति रेड्डी

अरुंधति रेड्डी एक भरोसेमंद तेज गेंदबाज और ऑलराउंडर हैं। उनकी अनुशासित गेंदबाजी और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी उन्हें टीम में खास बनाती है। हालांकि अब तक उन्हें वर्ल्ड कप में खेलने का मौका नहीं मिला है, लेकिन अगले कुछ मैचों में उन्हें मौका मिल सकता है।

क्रांति गौड़

युवा तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने वर्ल्ड कप में धमाकेदार शुरुआत की है। अब तक 2 मैचों में 4 विकेट अपने नाम कर चुकी हैं। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 3 विकेट झटककर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता और टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई। आने वाले मैचों में टीम इंडिया को उनसे घर में इसी तरह के शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। 

यह भी पढ़ें:

अमीनुल इस्लाम दोबारा बने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष, चार साल तक संभालेंगे जिम्मेदारी

करुण नायर की हुई टीम में वापसी, राहुल द्रविड़ के बेटे को मिली इस टूर्नामेंट में कप्तानी

Latest Cricket News