A
Hindi News खेल क्रिकेट हरमनप्रीत कौर ने बतौर कप्तान किया बड़ा कमाल, महिला टी20 इंटरनेशनल में हासिल की नंबर-1 की कुर्सी

हरमनप्रीत कौर ने बतौर कप्तान किया बड़ा कमाल, महिला टी20 इंटरनेशनल में हासिल की नंबर-1 की कुर्सी

INDW vs SLW: भारतीय महिला टीम को श्रीलंका के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 मैच में जब 8 विकेट से शानदार जीत मिली तो उसी के साथ टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर भी एक बड़ा कमाल करने में कामयाब हो गई।

Harmanpreet Kaur- India TV Hindi Image Source : PTI हरमनप्रीत कौर

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एकतरफ जहां श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले को 8 विकेट से अपने नाम करने के साथ सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है, तो वहीं टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर भी एक बड़ा कमाल करने में कामयाब हो गई। महिला टी20 इंटरनेशनल में अब सबसे ज्यादा मैच बतौर कप्तान जीतने के मामले में हरमनप्रीत कौर पहले नंबर पर काबिज हो गई हैं, जिसमें उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान को इस लिस्ट में पीछे छोड़ा है।

हरमनप्रीत कौर ने मैग लेनिंग को छोड़ा पीछे

महिला टी20 क्रिकेट में अब सबसे सफल कप्तान के तौर पर हरमनप्रीत कौर पहले नंबर की कुर्सी पर काबिज हो गई हैं, जिसमें उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने अब तक कुल 130 टी20 इंटरनेशनल मैचों में खेलते हुए 77वीं जीत हासिल की है। वहीं ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मैग लेनिंग के नेतृत्व में कंगारू महिला टीम ने कुल 100 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले और उसमें से उन्होंने 76 मैचों में जीत हासिल की। टीम इंडिया की कप्तानी संभालने के बाद से हरमनप्रीत कौर का बतौर बल्लेबाज और कप्तान मैदान पर शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें इसी साल खेले गए महिला वनडे वर्ल्ड कप में की ट्रॉफी भी टीम इंडिया ने उन्हीं की कप्तानी में जीती है।

महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली कप्तान

  • हरमनप्रीत कौर (भारत) - 77 मैच
  • मैग लैनिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 76 मैच
  • हीथर नाइट (इंग्लैंड) - 72 मैच
  • चार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) - 68 मैच

हम टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए खेल रहे हैं

हरमनप्रीत कौर ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में मिली एकतरफा 8 विकेट से जीत के बाद दिए अपने बयान में टीम के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की जिसमें उन्होंने गेंदबाजों के प्रदर्शन पर खासतौर पर बात की। हरमनप्रीत कौर ने कहा कि हम सभी के लिए ये सीरीज काफी अच्छी रही है। वर्ल्ड कप जीतने के बाद जब हम मिले थे तो हमने बात की थी कि हमें टी20 में अपने स्तर को और बेहतर करना होगा, जिसमें हमें थोड़ा और आक्रामक होना होगा। हम सभी को पता है कि टी20 वर्ल्ड कप अधिक दूर नहीं है, तो ऐसे में हमें उसी की तैयारी के अनुसार आगे बढ़ना होगा, इसीलिए मैं अब तक के प्रदर्शन काफी खुश हूं। आज के मैच में हमारी गेंदबाजी काफी अच्छी थी और टी20 में ये काफी अहम रहता है क्योंकि इससे आपके लिए मुकाबले को जीतने के चांस काफी ज्यादा अधिक हो जाते हैं।

ये भी पढ़ें

दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में ये कारनामा करने वाली बनी पहली भारतीय खिलाड़ी

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले गरजा रिंकू सिंह का बल्ला, सिर्फ 60 गेंदों में खेल दी शतकीय पारी

Latest Cricket News