VIDEO: पाकिस्तान की हार से बौखलाए पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर, लाइव TV शो में भिड़े हफीज और सकलैन
T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान को इंग्लैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इस हार से पाकिस्तान टीम के लिए सेमीफाइनल में जाने की राह मुश्किल हो गई है।
पाकिस्तान की T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने की राह अब बेहद मुश्किल हो गई है। पल्लेकेले में इंग्लैंड के खिलाफ करीबी हार के बाद टीम टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर खड़ी है। हैरी ब्रूक के तूफानी शतक ने पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और अब सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए उन्हें सिर्फ श्रीलंका को हराना ही नहीं, बल्कि दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में पाकिस्तान के दो मैचों में सिर्फ एक पॉइंट हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला बारिश में धुल गया था, जबकि इंग्लैंड से दो विकेट से हार ने समीकरण बिगाड़ दिया। ऐसे में टीम सिलेक्शन और खिलाड़ियों की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
लाइव टीवी शो में भिड़े क्रिकेटर
इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज मोहम्मद हफीज और सकलैन मुश्ताक के बीच लाइव टीवी शो में तीखी बहस छिड़ गई। पाकिस्तानी कार्यक्रम टैपमैड ‘Tapmad’ पर चर्चा के दौरान दोनों दिग्गजों के बीच मोहम्मद नवाज की भूमिका को लेकर टकराव देखने को मिला।
दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में पाकिस्तान ने दो स्पिन ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज और शादाब खान को खिलाया। दोनों ने मिलकर 57 रन दिए और दो विकेट हासिल किए, जिनमें दोनों सफलताएं नवाज के खाते में गईं। हालांकि, दोनों ने सिर्फ तीन-तीन ओवर फेंके, जिससे यह सवाल उठा कि क्या टीम उन्हें मैच जिताने वाले गेंदबाज के रूप में पूरी तरह भरोसा कर रही है?
बहस के दौरान हफीज ने सीधा सवाल किया कि नवाज बल्लेबाजी ऑलराउंडर हैं या गेंदबाजी ऑलराउंडर? सकलैन ने जवाब दिया कि वह दोनों भूमिकाओं में संतुलित हैं। आप उसके बारे में उस तरह से बात नहीं कर सकते। इस पर हफीज ने तीखे अंदाज में कहा कि नवाज की पहली जिम्मेदारी गेंदबाजी क्या है? जवाब में सकलैन ने कहा कि उन्हें लगता है कि नवाज बैटिंग और बॉलिंग दोनों में बराबर अच्छा है। इस पर हफीज ने सवाल दागा कि तो फिर उसे नंबर 5 पर क्यों नहीं इस्तेमाल करते? इसके जवाब में सकलैन ने कहा कि वह रहा है। जब वह पाकिस्तान टीम के साथ थे, तो उन्होंने उससे नंबर 5 पर बैटिंग कराई थी। उसमें पोटेंशियल है।
नवाज की पहली प्रायोरिटी क्या?
सकलैन की ये बात सुन हफीज थोड़ा झुंझला गए और उन्होंने कहा कि तो वह एक बैट्समैन है, जो बॉलिंग कर सकता है? उसकी पहली जॉब क्या है? इसके बाद सकलैन ने नवाज का पक्ष लेते हुए कहा कि अगर वह आपको बैट और बॉल दोनों से मैच जिता सकता है, तो इसका मतलब है कि आप बराबर अच्छे हैं।
हफीज ने अंत में अपना उदाहरण देते हुए कहा कि जब वह पाकिस्तान के लिए ऑलराउंडर के तौर पर खेलते थे तो उनकी पहली जिम्मेदारी बल्लेबाजी थी। उसी तरह अगर नवाज की पहली जिम्मेदारी गेंदबाजी है, तो उन्हें उसी भूमिका में मैच जिताना होगा। बता दें, टूर्नामेंट में नवाज ने अब तक 5 पारियों में 6 विकेट लिए हैं, उनकी इकॉनमी 7.5 रही है। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 26 रन देकर दो विकेट लिए थे और मुकाबले को आखिरी ओवर तक पहुंचाया। लेकिन अंततः इंग्लैंड ने लक्ष्य हासिल कर लिया और पाकिस्तान मुश्किल स्थिति में आ गया।
यह भी पढ़ें:
9 साल के बाद होगी टेस्ट में भिड़ंत, बांग्लादेश के खिलाफ हुआ टेस्ट सीरीज का ऐलान
वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल का हो गया ऐलान, जानिए किस दिन भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान
