दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में आउटर दिल्ली वॉरियर्स और नई दिल्ली टाइगर्स के बीच 4 अगस्त को एक बहुत ही रोमांचक मैच खेला गया, जो सुपर ओवर तक गया। अंत में वॉरियर्स की टीम ने जीत दर्ज की। इस मैच में नई दिल्ली टाइगर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आउट दिल्ली वारियर्स की टीम 9 विकेट के नुकसान पर 15 ओवर में 155 रन ही बना सकी और मैच टाई हो गया। मैच की आखिरी गेंद पर रोमांच चरम पर था।
आखिरी ओवर में 9 रन नहीं बना सकी दिल्ली वॉरियर्स
मैच का आखिरी ओवर बहुत ही रोमांचक रहा। आउटर दिल्ली वॉरियर्स को जीत के लिए आखिरी ओवर में 9 रन चाहिए थे। पहली ही गेंद पर शिवम शर्मा ने चौका लगाया और अगली गेंद पर 1 रन ले लिया। तीसरी गेंद नो-बॉल हो गई, जिससे वॉरियर्स को फ्री हिट मिली और लगा कि वे आसानी से जीत जाएंगे। लेकिन तभी खेल में एक नया ट्विस्ट आया और सिद्धांत शर्मा रन-आउट हो गए। अब आखिरी गेंद पर टीम को जीत के लिए 1 रन की जरूरत थी। उस गेंद पर एक गजब का ड्रामा देखने को मिला, मिड-ऑफ पर खड़े हिम्मत सिंह से गेंद छूट गई, तो उन्होंने गुस्से में गेंद पर लात मार दी। उनकी किस्मत इतनी अच्छी थी कि गेंद सीधे स्टंप्स पर जा लगी और वहां बल्लेबाज रन-आउट हो गया। इस तरह मैच टाई हो गया और DPL 2026 का पहला सुपर ओवर देखने को मिला।
दिल्ली वॉरियर्स ने सुपर ओवर में बनाए 20 रन
सुपर ओवर में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 20 रन का बड़ा स्कोर बनाया, जिसमें मोनू शुक्ला ने छोटी लेकिन बहुत ही धमाकेदार पारी खेली। जवाब में 21 रनों का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स की शुरुआत तो अच्छी रही। कप्तान हिम्मत सिंह ने पहली ही गेंद पर छक्का मार दिया। लेकिन अगली ही गेंद पर वे आउट हो गए, जिसके बाद टीम को जीतने के लिए आखिरी 4 गेंदों में 15 रन चाहिए थे। इसके तुरंत बाद ऋतिक शौकीन भी बड़ा शॉट मारने के चक्कर में कैच आउट हो गए और उनके आउट होते ही टीम मुकाबला गई। इस तरह आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने यह मैच अपने नाम कर लिया।
दिल्ली वॉरियर्स को मिली सीजन की पहली जीत
इस सीजन यह आउटर दिल्ली वॉरियर्स की पहली जीत थी। उनकी टीम इस सीजन दो में से एक मैच जीतने में कामयाब रही है। इससे पहले उन्हें सेन्ट्रल दिल्ली किंग्स के खिलाफ मैच में हार का सामना करना पड़ा था। नई दिल्ली टाइगर्स की बात करें उन्होंने अब तक 3 मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें सिर्फ एक में जीत मिली है। वहीं दो में में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। पॉइंट्स टेबल में सेंट्रल दिल्ली किंग्स 3 मैचों में 3 जीत और 6 पॉइंट्स के साथ पहले नंबर पर है। बता दें कि पिछले साल वेस्ट दिल्ली लायंस ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 6 विकेट से हराकर खिताब जीता था।
यह भी पढ़ें
आयरिश गेंदबाज के पास इतिहास रचने का मौका, बन सकते हैं सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
बाबर आजम फिर रहे अनलकी, दूसरे टेस्ट में शतक के करीब आकर हुए रन आउट
Latest Cricket News