A
Hindi News खेल क्रिकेट बांग्लादेश की हार से भारत को हुआ बड़ा फायदा, जानिए कैसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?

बांग्लादेश की हार से भारत को हुआ बड़ा फायदा, जानिए कैसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?

ICC वूमेन्स वर्ल्ड कप 2025 में सेमीफाइनल की तस्वीर लगभग साफ होती नजर आ रही है। तीन टीमें सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर चुकी हैं और अब सिर्फ एक टीम का तय होना बाकी है।

Bangladesh and India- India TV Hindi Image Source : ICC AND PTI बांग्लादेश और भारत

ICC वूमेन्स वर्ल्ड कप 2025 का 21वां मुकाबला नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में 20 अक्टूबर को खेला गया। इस मुकाबले में बांग्लादेश ने खुद अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार ली। 203 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की महिला टीम को आखिरी 36 गेंदों पर सिर्फ 30 रन चाहिए थे और उसके सात विकेट बाकी थे, लेकिन टीम ने सात रन से मैच गंवा दिया। इस हार के साथ बांग्लादेश वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल की दौड़ से आधिकारिक रूप से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई।

आखिरी ओवर में बांग्लादेश ने खोए 4 विकेट

श्रीलंका को मामूली स्कोर पर रोकने के बाद बांग्लादेश ने लक्ष्य का पीछा शानदार ढंग से शुरू किया था। निगार सुल्ताना ने बेहतरीन अर्धशतक लगाया और टीम को जीत की ओर बढ़ाया। इससे पहले शर्मिन अख्तर भी अर्धशतक जड़कर रिटायर हर्ट होकर पवेलियन लौटी थीं। लेकिन इसके बाद टीम ऐसी लड़खड़ाई जिसकी उम्मीद किसी ने नहीं की थी। चमारी अटापट्टू के आखिरी ओवर में बांग्लादेश ने चार विकेट गंवाए, जिनमें एक रन आउट भी शामिल था। बांग्लादेश का स्कोर एक समय 176/3 रन था लेकिन अगले 18 रन बनाने में 6 विकेट गिर गए। इस तरह बांग्लादेश के हाथ से बड़ी जीत निकल गई। 

भारत की राह हुई आसान

बांग्लादेश की हार से सबसे ज्यादा फायदा मेजबान भारतीय टीम को मिला है। बांग्लादेश के बाहर होने के बाद हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें और भी मजबूत हो गई हैं।

भारत फिलहाल पांच मैचों में चार पॉइंट लेकर पॉइंट्स टेबल चौथे स्थान पर है और उसके दो मुकाबले बाकी हैं। भारत अपना अगला मुकाबला न्यूजीलैंड और फिर बांग्लादेश से खेलना है। अगर भारत दोनों मैच जीतता है, तो सेमीफाइनल में उसका स्थान पक्का हो जाएगा। यही नहीं, अगर भारतीय टीम न्यूजीलैंड को हरा देती है, तो वह आधिकारिक तौर पर सेमीफाइनल में जगह बना लेगी, भले ही बांग्लादेश के खिलाफ नतीजा कुछ भी हो।

अब तक 3 टीमों ने बनाई सेमीफाइनल में जगह

अगर बांग्लादेश की टीम श्रीलंका को हरा देती, तो वह भी दो जीत के साथ भारत के बराबर चार पॉइंट  हासिल कर लेती और तब नेट रन रेट के आधार पर स्थिति जटिल हो जाती। लेकिन अब तस्वीर साफ है। भारत को बस न्यूजीलैंड को हराना है और सेमीफाइनल का टिकट उसके नाम हो जाएगा। बता दें, ऑस्ट्रेलिया (9), इंग्लैंड (9) और साउथ अफ्रीका (8) की टीम पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह बना चुकी है।

यह भी पढ़ें

वनडे सीरीज के बीच इस टीम को लगा बड़ा झटका, धाकड़ गेंदबाज हुआ बाहर

रोहित-विराट वाली लिस्ट में शामिल हुआ जोस बटलर का नाम, ऐसा करने वाले बने दुनिया के पांचवें प्लेयर

Latest Cricket News