बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच इन दिनों तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज के बीच में वेस्टइंडीज की टीम को बड़ा झटका लगा है। विंडीज टीम के धाकड़ गेंदबाज शमार जोसेफ चोट की वजह से इस वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने इस खबर की पुष्टि दूसरे वनडे मैच से पहले की। आपको बता दें कि सीरीज के पहले वनडे मैच में वेस्टइंडीज को 74 रन से हार का सामना करना पड़ा है।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज भी नहीं खेल पाए थे शमार जोसेफ
आपको बता दें कि जोसेफ चोट की वजह से भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से भी बाहर हो गए थे। उसके बाद टीम को उम्मीद थी कि वह बांग्लादेश दौरे के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करेंगे। वह वनडे टीम का हिस्सा थे और उन्हें टी-20 सीरीज के लिए भी टीम में चुना गया था। हालांकि, क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने 21 अक्टूबर को आधिकारिक बयान जारी करते हुए जोसेफ के सीरीज से बाहर होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जोसेफ ने अपने कंधे में कुछ तकलीफ की शिकायत की है और मेडिकल टीम आगे की जांच करेगी।
CPL 2025 में सिर्फ दो मैच खेल पाए थे शमार जोसेफ
तेज गेंदबाज शमार जोसेफ ने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2025 के समापन के बाद से किसी भी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में हिस्सा नहीं लिया है। CPL 2025 में भी वह गुयाना अमेजन वॉरियर्स के लिए सिर्फ पांच मैच खेल पाए थे। जोसेफ का सीरीज से बाहर होना वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों के लिए एक बड़ा झटका है। अब उनकी गैरमौजूदगी में वेस्टइंडीज की टीम बचे हुए दो मैचों में कैसा प्रदर्शन करती है ये देखना दिलचस्प होगा।
एक और खिलाड़ी हुआ बांग्लादेश सीरीज से बाहर
जोसेफ के अलावा एक और खिलाड़ी बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए हैं। विंडीज टीम के तेज गेंदबाज जेडियाह ब्लेड्स भी पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में वेस्टइंडीज के लिए नौ मैच खेल चुके 23 वर्षीय खिलाड़ी न सिर्फ बांग्लादेश सीरीज बल्कि आगामी न्यूजीलैंड सीरीज से भी बाहर हो गए हैं। वह अपना रिहैबिलिटेशन शुरू करने के लिए स्वदेश लौटेंगे। बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा वनडे 21 अक्टूबर और तीसरा वनडे 23 अक्टूबर को खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें
29 साल के गेंदबाज ने मचाया तहलका, इस मामले में मोहम्मद सिराज को छोड़ा पीछे, बन गया नंबर 1
रोहित-विराट वाली लिस्ट में शामिल हुआ जोस बटलर का नाम, ऐसा करने वाले बने दुनिया के पांचवें प्लेयर