सोफी मोलिन्यूक्स की कप्तानी में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने सबसे पहले साल 2010 में T20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। उसके बाद से इस फॉर्मेट में उनका दबदबा लगातार जारी रहा और उन्होंने 2012, 2014, 2018, 2020, 2023 और अब 2026 में भी चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। दूसरी ओर इंग्लैंड की टीम का 17 साल बाद अपनी दूसरी ट्रॉफी जीतने का सपना एक बार फिर टूट गया। इंग्लैंड ने साल 2009 में पहला और इकलौता टी20 वर्ल्ड कप जीता था। इसके बाद वे चार बार फाइनल में पहुंचे, लेकिन हर बार ऑस्ट्रेलिया से उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को मिले 22.27 करोड़ रुपये
आईसीसी ने इस साल वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए प्राइज मनी का बजट करीब 87.64 लाख डॉलर (लगभग 83.41 करोड़ रुपये) तय किया था, जो पिछली बार से 10% ज्यादा है। इस टूर्नामेंट में रिकॉर्ड सातवीं बार चैंपियन बनने वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम को इनाम के रूप में करीब 23.40 लाख डॉलर मिले, जो भारतीय रुपयों में लगभग 22.27 करोड़ रुपये हैं। वहीं, फाइनल मैच में उपविजेता रही इंग्लैंड की टीम को भी एक बड़ी रकम मिली है। उन्हें करीब 11.70 लाख डॉलर (लगभग 11.13 करोड़ रुपये) की इनामी राशि दी गई।
टूर्नामेंट में भाग लेने वाली हर टीम को मिले 2.47 लाख डॉलर
आईसीसी के नियमों के मुताबिक टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली सभी 12 टीमों में से हर एक टीम को कम से कम 2.47 लाख डॉलर (यानी करीब 2.35 करोड़ रुपये) मिलना पक्का था। इसके साथ ही, ग्रुप स्टेज में जो भी टीम अपना मैच जीतती, उसे हर जीत के लिए बोनस के रूप में अलग से 31,154 डॉलर (लगभग 29.64 लाख रुपये) दिए गए। वहीं, जो टीमें सेमीफाइनल तक तो पहुंची लेकिन वहां हार गईं उन दोनों टीमों को इनाम के तौर पर लगभग 6.75 लाख डॉलर (करीब 6.42 करोड़ रुपये) मिले। वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था।
भारत और पाकिस्तान पर भी हुई पैसों की बारिश
भारत और पाकिस्तान की टीमें इस बार आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाईं और दोनों ही ग्रुप स्टेज से बाहर हो गईं। भारतीय महिला टीम ने ग्रुप मैचों में शानदार खेल दिखाते हुए तीन मुकाबले जीते, वहीं पाकिस्तान की टीम को सिर्फ नीदरलैंड्स के खिलाफ इकलौती जीत नसीब हुई। इसके बावजूद, टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद भी दोनों टीमों पर जमकर पैसों की बरसात हुई है।
अगर सीधे शब्दों में कहें, तो भारतीय टीम को सिर्फ इस टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए ही लगभग 2.35 करोड़ रुपये मिल गए थे। इसके बाद उन्होंने जो तीन मैच जीते, उसके इनाम के तौर पर उन्हें 88.94 लाख रुपये अलग से मिले। इस तरह भारतीय टीम ने इस वर्ल्ड कप से कुल 3.23 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं दूसरी तरफ, पाकिस्तान की टीम भी खाली हाथ नहीं रही, उन्होंने भी इस टूर्नामेंट से कुल 2.64 करोड़ रुपये अपने नाम किए।
यह भी पढ़ें:
T20 WC फाइनल से पहले दिखा अनोखा नजारा, बेटे को गोद में लेकर राष्ट्रगान के लिए मैदान में उतरीं इंग्लिश कप्तान
ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत बरकरार, इंग्लैंड को हराकर 7वीं बार जीता T20 वर्ल्ड कप का खिताब
Latest Cricket News