1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मैदान पर गुस्सा दिखाना पॉवेल और रदरफोर्ड को पड़ा भारी, ICC ने लगाई डांट और दिया डिमेरिट पॉइंट

मैदान पर गुस्सा दिखाना पॉवेल और रदरफोर्ड को पड़ा भारी, ICC ने लगाई डांट और दिया डिमेरिट पॉइंट

भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने पर वेस्टइंडीज के रोवमैन पॉवेल और शेरफेन रदरफोर्ड को ICC ने फटकार लगाई है। उस टी20 मैच में वेस्टइंडीज ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी।

Sherfane Rutherford- India TV Hindi
Image Source : PTI शेरफेन रदरफोर्ड

भारत के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान वेस्टइंडीज के दो अनुभवी खिलाड़ियों कप्तान रोवमैन पॉवेल और शेरफेन रदरफोर्ड को अपनी हरकतों की भारी कीमत चुकानी पड़ी है। आईसीसी ने आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए दोनों को फटकार लगाई है। साथ ही में उन्हें डिमेरिटी पॉइंट भी दिया गया है। रांची में खेले गए इस मैच में वेस्टइंडीज ने 250 रन के टारगेट को चेज करते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की थी।

क्या था पूरा मामला?

रांची में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए मैच के दौरान वेस्टइंडीज के बल्लेबाज रोवमैन पॉवेल जब मयंक यादव की गेंद पर आउट हुए। आउट होने के बाद उन्होंने गुस्से में अपना बल्ला जोर से गेंद पर मारा। आईसीसी के नियमों के मुताबिक, यह आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन है, जो इंटरनेशनल मैच के दौरान खेल के सामान या मैदान के उपकरणों के गलत इस्तेमाल या दुरुपयोग से जुड़ा हुआ है।

दूसरी तरफ पारी के 13वें ओवर में शेरफेन रदरफोर्ड ने वाइड गेंद न दिए जाने पर मैदानी अंपायर पर अपना गुस्सा जाहिर किया और आक्रामक तरीके से नाराजगी दिखाई। आईसीसी ने इसे आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 का उल्लंघन माना है, जो इंटरनेशनल मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असंतोष जताने से जुड़ा है। इन्हीं कारणों की वजह से अब आईसीसी ने इन दोनों खिलाड़ियों पर कार्रवाई की है।

ICC ने दो खिलाड़ियों के लिए क्या सजा सुनाई

आईसीसी ने दोनों खिलाड़ियों को लेवल-1 के आचार संहिता उल्लंघन का दोषी मानते हुए आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई है। इसके साथ ही दोनों के अनुशासन रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है। फ्यूचर में खिलाड़ियों को ऐसी हरकतों से बचने की सख्त हिदायत दी गई है ताकि खेल की भावना हमेशा बनी रहे।

खिलाड़ियों ने मान ली अपनी गलती

मैदान पर अनुशासनहीनता दिखाने के इन मामलों के बाद मैदानी अंपायरों जयरामन मदानगोपाल और रोहन पंडित, तीसरे अंपायर नितिन मेनन और चौथे अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ आधिकारिक आरोप तय किए थे। अच्छी बात यह रही कि रोवमैन पॉवेल और शेरफेन रदरफोर्ड दोनों ने अपनी गलती को स्वीकार कर लिया और आईसीसी द्वारा सुनाई गई सजा को बिना किसी विरोध के मान लिया।

यह भी पढ़ें

IND vs SL वनडे मैच का वेन्यू नहीं होगा चेंज, BCCI सचिव ने कहा- मैच शिफ्ट होने का कोई प्लान नहीं

तिलक वर्मा ने रोहित-विराट वाले क्लब में बनाई जगह, T20I के टॉप-5 फील्डर्स में शामिल हुआ नाम

Latest Cricket News