वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला बारबाडोस के मैदान पर खेला जा रहा है। इस मैच में विंडीज टीम के तेज गेंदबाज जायडेन सील्स जिनका गेंद से अब तक शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, उनपर आईसीसी का बड़ा एक्शन देखने को मिला है। पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन के खेल के बाद आईसीसी ने जायडेन सील्स की मैच फीस 15 फीसदी तक काटने का फैसला लेने के साथ उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा है। सील्स ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान पैट कमिंस का जब पहले दिन के खेल में विकेट हासिल किया तो उनके जश्न मनाने के तरीके पर आईसीसी की तरफ से ये एक्शन लिया गया है।
सील्स ने मानी अपनी गलती
विंडीज टीम के तेज गेंदबाज जायडेन सील्स ने आईसीसी की तरफ से लगाए जुर्माने पर अपनी गलती मान ली है। सील्स ने आईसीसी की आचार संहिता के लेवल-1 नियम का उल्लंघन किया है, जिसके चलते उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है। सील्स के खाते में पिछले 24 महीनों में ये दूसरा डिमेरिट प्वाइंट है, इससे पहले साल 2024 दिसंबर में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच में भी उन्हें आईसीसी की तरफ से फटकार लगी थी और एक डिमेरिट प्वाइंट खाते में जुड़ा था। सील्स ने पहले दिन के खेल के बाद दिए अपने बयान में कहा था कि पैट कमिंस का विकेट लेने के बाद वह बस थोड़ा गुस्से में थे जिसके चलते उन्होंने ऐसी हरकत की। वहीं सील्स के गलती स्वीकार करने के बाद इस मामले में कोई औपचारिक सुनवाई आगे नहीं होगी।
टेस्ट मैच पहुंचा रोमांचक स्थिति में
बारबाडोस के मैदान पर खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच में अब तक 2 दिनों का खेल हुआ है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया की टीम जहां अपनी पहली पारी में 180 रन बनाकर सिमट गई तो वहीं मेजबान विंडीज की पहली पारी 190 रनों के स्कोर पर जाकर सिमटी। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी पहली पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 92 रन बना लिए थे, जिसमें उसके पास कुल 82 रनों की बढ़त हासिल हो चुकी थी, ऐसे में तीसरे दिन के खेल में रिजल्ट आने की उम्मीद की जा सकती है। पहले 2 दिन के खेल में कुल 24 विकेट गिर चुके हैं।
ये भी पढ़ें
आंद्रे रसेल ने रच दिया इतिहास, टी20 क्रिकेट में ऐसा करिश्मा करने वाले सिर्फ तीसरे बल्लेबाज
बर्मिंघम के मैदान पर इतने भारतीय बल्लेबाजों ने लगाए टेस्ट शतक, 2 का दूसरे टेस्ट में खेलना लगभग तय!
Latest Cricket News