भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 5 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी थी। इसी के साथ टीम इंडिया सीरीज में 0-1 से पीछे हो गई थी। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला बर्मिंघम के मैदान पर खेला जाएगा। इस ग्राउंड पर टीम इंडिया के लिए चार बल्लेबाजों ने टेस्ट शतक लगाए हैं। इनमें ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के नाम शामिल हैं। सचिन और कोहली टेस्ट से रिटायरमेंट ले चुके हैं। वहीं पंत और जडेजा इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट स्क्वाड में शामिल हैं। इन दोनों प्लेयर्स का इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भी खेलना लगभग तय है।
पंत और जडेजा ने एक ही टेस्ट मैच में जड़े थे शतक
भारत और इंग्लैंड के बीच साल 2022 में बर्मिंघम के मैदान पर टेस्ट मैच खेला गया था। इसमें रवींद्र जडेजा और ऋषभ पंत दोनों ने ही शतक लगाए थे। तब इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में पंत ने 146 रन और जडेजा ने 104 रनों की पारी खेली थी। इन प्लेयर्स की वजह से ही भारतीय टीम पहली पारी में 416 रन बनाई थी। लेकिन इस मैच की दूसरी पारी में भारतीय प्लेयर्स अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। इसी वजह से उसे 7 विकेट से हार का मुंह देखना पड़ा था।
पंत ने पहले टेस्ट की दोनों पारियों में लगाए थे शतक
ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाए थे। उन्होंने पहली पारी में 134 रन और दूसरी पारी में 118 रन बनाए थे। भले ही इस मैच में टीम इंडिया को हार मिली हो, लेकिन पंत अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीतने में सफल रहे थे। वहीं जडेजा ने गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड के बल्लेबाजों को परेशान किया था। मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने उनकी तारीफ भी की थी। ऐसे में इन दोनों का दूसरे टेस्ट में खेलना लगभग तय लग रहा है।
बर्मिंघम में कोहली खेल चुके हैं 149 रनों की पारी
विराट कोहली ने साल 2018 में बर्मिंघम के मैदान पर टेस्ट शतक लगाया था। तब कोहली ने 225 गेंदों में 149 रन बनाए थे, जिसमें 22 चौके और एक छक्का शामिल रहा था। उन्होंने पूरी पारी के दौरान सधी हुई बल्लेबाजी की और गलत स्ट्रोक खेलने से परहेज किया था। कोहली बर्मिंघम के ग्राउंड में सबसे बड़ी टेस्ट पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं।
सचिन ने 1996 में लगाया था शतक
सचिन तेंदुलकर ने साल 1996 में बर्मिंघम के मैदान पर टेस्ट शतक लगाया था। तब सचिन ने 177 गेंदों में 122 रन बनाए थे, जिसमें 19 चौके और एक छक्का लगाया था। उनके अलावा बाकी के बल्लेबाज अच्छा करने में बुरी तरह से विफल साबित हुए थे। सचिन बर्मिंघम के मैदान पर टेस्ट शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी हैं।