1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इमेशा दुलानी का शानदार शतक, पाकिस्तान को दी करारी शिकस्त, T20I में सेंचुरी लगाने वाली बनीं दूसरी श्रीलंकाई खिलाड़ी

इमेशा दुलानी का शानदार शतक, पाकिस्तान को दी करारी शिकस्त, T20I में सेंचुरी लगाने वाली बनीं दूसरी श्रीलंकाई खिलाड़ी

श्रीलंका महिला टीम ने पहले टी-20 मैच में पाकिस्तान महिला टीम को 6 विकेट से हरा दिया। इस मैच में इमेशा दुलानी ने शानदार शतक जड़ा, जिसके साथ ही वह टी-20 इंटरनेशनल मैचों में शतक बनाने वाली श्रीलंका की दूसरी महिला क्रिकेटर बनीं।

Emesh Dulani- India TV Hindi
Image Source : X@SLC इमेशा दुलानी

पाकिस्तान की महिला टीम इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच 31 जुलाई को टी20 सीरीज का पहला मैच खेला गया। श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 मैच में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इस मैच में इमेशा दुलानी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए नाबाद 101 रनों की शतकीय पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाई। इस शतक के साथ ही वह टी-20 इंटरनेशनल मैचों में सेंचुरी बनाने वाली श्रीलंका की दूसरी महिला बल्लेबाज बन गई हैं।

चमारी अटापट्टू के नाम है पहला शतक लगाने का रिकॉर्ड

श्रीलंका की ओर से महिला टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला शतक लगाने का रिकॉर्ड अनुभवी खिलाड़ी चमारी अटापट्टू के नाम है। उन्होंने साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 66 गेंदों में 113 रन बनाए थे। अब 7 साल बाद इमेशा दुलानी ने पाकिस्तान के खिलाफ 64 गेंदों में नाबाद 101 रनों की शानदार पारी खेलकर इस खास रिकॉर्ड लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा लिया है। उन्होंने इस मुकाबले में श्रीलंका की जीत में अहम भूमिका निभाई है।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने बनाए 176 रन

 

पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के सामने 177 रन का टारगेट रखा था। इस टारगेट को श्रीलंका की महिला टीम ने 19वें ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। श्रीलंका के लिए इमेशा दुलानी और कप्तान चामरी अटापट्टू की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़े और टीम को एक शानदार शुरुआत दी। पाकिस्तान को पहली सफलता 8वें ओवर की पहली गेंद पर मिली, जब नाश्रा संधु ने 22 गेंदों में 39 रन बनाकर खेल रहीं चमारी अटापट्टू को आउट किया।

दुलानी ने अपनी पारी में लगाए 17 चौके

इसके बाद विशमी गुणरत्ने (3), हर्षिता समरविक्रमा (7) और कविशा दिलहारी (11) सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौट गई। लेकिन दूसरी तरफ इमेशा दुलानी डटी रहीं और उन्होंने शानदार शतक जड़ दिया। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर दुलानी ने श्रीलंका को जीत दिला दी। उन्होंने 64 गेंदों में 17 चौके और 1 छक्के की मदद से नाबाद 101 रनों की बेहतरीन पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से नाश्रा संधु ने 2 विकेट लिए, जबकि हुमना बिलाल और उम्म-ए-हानी को 1-1 सफलता मिली।

यह भी पढ़ें

इंडिया और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला, एशियन लीजेंड्स लीग में संडे को होगा आमना- सामना

कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम पाकिस्तान मैच, टीवी और मोबाइल पर कैसे देख सकेंगे LIVE मुकाबला

 

 

Latest Cricket News