1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. चमारी अट्टापट्टू का ऐतिहासिक शतक, T20 वर्ल्ड कप में रचा अनोखा इतिहास, दुनिया में पहली बार हुआ ऐसा कारनामा

चमारी अट्टापट्टू का ऐतिहासिक शतक, T20 वर्ल्ड कप में रचा अनोखा इतिहास, दुनिया में पहली बार हुआ ऐसा कारनामा

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 24, 2026 07:44 am IST,  Updated : Jun 24, 2026 07:46 am IST

श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में इतिहास रचते हुए आयरलैंड के खिलाफ 61 गेंदों में नाबाद 106 रन की शानदार पारी खेली।

SL vs IRE- India TV Hindi
चमारी अट्टापट्टू Image Source : AP

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने इतिहास रच दिया है। ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में आयरलैंड के खिलाफ खेले गए ग्रुप-बी मुकाबले में उन्होंने नाबाद 106 रन की शानदार पारी खेलकर एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो इससे पहले किसी भी खिलाड़ी ने नहीं बनाया था। 36 साल की बाएं हाथ की बल्लेबाज ने 131 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 61 गेंदों में 106 रन बनाए। उनकी पारी में 17 चौके और 2 शानदार छक्के शामिल रहे। अट्टापट्टू की इस विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत श्रीलंका ने महज एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया।

रन चेज में शतक लगाने वाली पहली खिलाड़ी

वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी बल्लेबाज ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक लगाया हो। इससे पहले सफल रन चेज में सबसे बड़ा स्कोर वेस्टइंडीज की शेमेन कैंपबेल के नाम था, जिन्होंने इसी टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 90 रन बनाए थे।

अट्टापट्टू ने पारी की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने इमेशा दुलानी के साथ पहले विकेट के लिए 72 गेंदों में 98 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दुलानी ने 27 गेंदों पर 20 रन का योगदान दिया, जबकि अट्टापट्टू अंत तक डटी रहीं। यह चमारी अट्टापट्टू के T20 इंटरनेशनल करियर का चौथा शतक है। महिला T20 क्रिकेट में उनसे ज्यादा शतक केवल UAE की बल्लेबाज ईशा ओजा के नाम हैं।

श्रीलंका के लिए रचा इतिहास

अट्टापट्टू वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाली पहली श्रीलंकाई खिलाड़ी बन गई हैं। इसके साथ ही वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में शतक लगाने वाली कुल 8वीं बल्लेबाज भी बन गईं। हालांकि, वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अब भी ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग के नाम दर्ज है। उन्होंने 2014 वर्ल्ड कप में आयरलैंड के खिलाफ 65 गेंदों पर 126 रन की यादगार पारी खेली थी।

श्रीलंका और आयरलैंड के बीच खेले गए मुकाबले की बात की जाए, तो चमारी अट्टापट्टू के शतक की बदौलत लंका टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज करने में सफल रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 5 विकेट खोकर 130 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में श्रीलंका ने महज 1 विकेट खोकर 131 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के बाद श्रीलंका की टीम पॉइंट्स टेबल में 4 पॉइंट के साथ चौथे पायदान पर है। स्कॉटलैंड और आयरलैंड की टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है।

यह भी पढ़ें

IPL 2027: क्या फिर बदलेगी हार्दिक पंड्या की आईपीएल जर्सी? दो चैंपियन टीमों ने दिखाई दिलचस्पी

पाकिस्तान की लगातार चौथी शर्मनाक हार, ऑस्ट्रेलिया ने T20 वर्ल्ड कप में दर्ज की अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल