1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान की लगातार चौथी शर्मनाक हार, ऑस्ट्रेलिया ने T20 वर्ल्ड कप में दर्ज की अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत

पाकिस्तान की लगातार चौथी शर्मनाक हार, ऑस्ट्रेलिया ने T20 वर्ल्ड कप में दर्ज की अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत

 Written By: Vanson Soral
 Published : Jun 24, 2026 06:58 am IST,  Updated : Jun 24, 2026 07:04 am IST

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के हारने का सिलसिला लगातार जारी है। ऑस्ट्रेलिया ने लीड्स में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान को 113 रनों से करारी शिकस्त दी।

PAK vs AUS- India TV Hindi
पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया Image Source : AFP

लीड्स में खेले गए ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के अहम मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 113 रन से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए। इस शानदार जीत में ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी ऑलराउंडर एलिस पेरी का अहम योगदान रहा, जिन्होंने पहले बल्ले से 71 रन बनाए और फिर गेंद से 2 विकेट लेकर पाकिस्तान की उम्मीदों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। हालांकि इसके बाद एलिस पेरी ने मोर्चा संभाला और आक्रामक अंदाज में रन बटोरना शुरू किया। पेरी को जॉर्जिया वोल का अच्छा साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन जोड़ते हुए पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। वोल ने 39 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि पेरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 71 रन बनाए। उनके अलावा एनाबेल सदरलैंड ने 18 गेंदों में 27 रन और निकोला कैरी ने सिर्फ 13 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 199 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी

200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। मुनीबा अली ने कुछ शानदार शॉट लगाए, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। टीम की खराब रनिंग भी उसके लिए बड़ी परेशानी बनी और तीन बल्लेबाज रन आउट होकर पवेलियन लौटे। मुनीबा ने 25 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि फातिमा सना ने 17 रन की तेज पारी खेली। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका। एलिस पेरी ने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट लेकर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। जॉर्जिया वेयरहम, सोफी मोलिनक्स और एनाबेल सदरलैंड ने भी शानदार गेंदबाजी की। पूरी पाकिस्तानी टीम 86 रन पर सिमट गई।

सेमीफाइनल के करीब ऑस्ट्रेलिया

113 रन की यह जीत ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले पिछले संस्करण में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 114 रन से हराया था। ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप स्टेज के अपने चारों मुकाबले जीत लिए हैं और उसका नेट रन रेट भी शानदार है। ऐसे में टीम लगभग सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। अब फैंस की निगाहें लॉर्ड्स में होने वाले भारत और ऑस्ट्रेलिया के अहम मुकाबले पर टिकी हैं, जो ग्रुप स्टेज के सबसे बड़े मैचों में से एक माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें

IPL 2027: क्या फिर बदलेगी हार्दिक पंड्या की आईपीएल जर्सी? दो चैंपियन टीमों ने दिखाई दिलचस्पी

IND vs PAK: FIH Pro League 2026 में भारत ने पाकिस्तान को रौंदा, 4-3 से जीता मुकाबला

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल