1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 2 खिलाड़ियों की गलती पूरी टीम पर पड़ी भारी, भारतीय टीम को 10 रनों का हुआ भारी नुकसान, जानिए क्या है पूरा मामला?

2 खिलाड़ियों की गलती पूरी टीम पर पड़ी भारी, भारतीय टीम को 10 रनों का हुआ भारी नुकसान, जानिए क्या है पूरा मामला?

IND A vs SL A: इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच दांबुला में ट्राई सीरीज का मुकाबला खेला जा रहा है, जिसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 265 रनों पर सिमट गई। सूर्यांश शेडगे ने सबसे ज्यादा 72 रन बनाए।

IND A vs SL A- India TV Hindi
Image Source : BCCI (@BCCI) इंडिया ए

IND A vs SL A, Tri Nation A Series in Sri Lanka 2026​: दांबुला में श्रीलंका ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में इंडिया ए को एक ऐसी गलती भारी पड़ गई, जिसकी शायद किसी को उम्मीद नहीं थी। युवा ऑलराउंडर विपराज निगम बल्लेबाजी के दौरान दो बार ऐसी चूक कर बैठे, जिससे टीम को सीधे 10 रन का नुकसान उठाना पड़ा। 

दरअसल, पूरा मामला पिच के बीच वाले हिस्से पर दौड़ने से जुड़ा है। नियमों के मुताबिक, बल्लेबाजों को पिच के बीच से दौड़ने की परमिशन नहीं होती है, क्योंकि इससे विकेट खराब होने की संभावना बनी रहती है। इंडिया ए की पारी के दौरान सबसे पहले अनुकूल रॉय को अंपायरों ने पिच के बीच में दौड़ने के लिए चेतावनी दी थी। हालांकि, बाद में वह आउट हो गए, लेकिन ये वॉर्निंग पूरी टीम पर लागू रही। इसके बाद जब विपराज निगम बल्लेबाजी के लिए आए, तब किसी भी भारतीय बल्लेबाज की अगली गलती पर सीधा पांच रन का जुर्माना लगना तय था।

विपराज से दो बार हुई गलती

35वें ओवर में विपराजज निगम पहली बार पिच के बीच से दौड़ गए, जिसके बाद अंपायरों ने श्रीलंका ए को 5 रन पेनल्टी के तौर पर दे दिए। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि सिर्फ दो ओवर बाद उन्होंने फिर वही गलती दोहरा दी। इस बार वह स्पिनर कुगाथास मैथुलन की गेंद को थर्ड मैन की दिशा में खेलकर तेज रन लेने निकले थे। हालांकि, उनके साथी बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे ने उन्हें वापस भेज दिया, लेकिन तब तक विपराज पिच के बीचों-बीच दौड़ चुके थे। अंपायरों ने तुरंत दूसरी बार भी पांच रन की पेनल्टी लगा दी। इस तरह इंडिया ए को कुल 10 रन का नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद श्रीलंका की टीम ने इंडिया ए के खिलाफ रन चेज का आगाज 10/0 के स्कोर से किया।

सूर्यांश और विपराज ने जड़े अर्धशतक

भारतीय पारी की बात की जाए, तो टीम पूरे 50 ओवर नहीं खेल सकी और 49.2 ओवर में 265 रनों पर सिमट गई। सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने शानदार अर्धशतक जड़े। सूर्यांश ने 72 रन जबकि विपराज ने 51 रनों का योगदान दिया। स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए। लंका की ओर से  मोहम्मद शिराज और विजयकांत व्यासकांत ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। बता दें, भारतीय टीम को 10 रन का नुकसान होने से पहले 5 रन का फायदा भी हुआ। 16वें ओवर की चौथी गेंद वाइड रही, जो विकेटकीपर के हाथों से छूटकर हेलमेट से जा लगी। इस तरह नियमानुसार, भारतीय टीम के खाते में 5 रन जोड़ दिए गए। हालांकि, भारतीय पारी खत्म होते-होते 10 रन का नुकसान हो चुका था।

यह भी पढ़ें 

जेसन होल्डर ने 420 के स्ट्राइक रेट से ठोक दिए रन, बिना चौका लगाए जड़े 3 छक्के

इंग्लैंड को लगा तगड़ा झटका, पहले मैच का हीरो दूसरे टेस्ट से हुआ बाहर

Latest Cricket News