जेसन होल्डर इस वक्त गजब कर रहे हैं। वैसे तो अपनी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ टी20 मुकाबले में उन्होंने बल्लेबाजी से अपनी टीम को जीत दिला दी। उन्होंने केवल 5 बॉल खेली और 420 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने का काम किया। वेस्टइंडीज ने 20 ओवर के मैच में दो गेंद शेष रहते ही मुकाबला अपने नाम कर लिया।
वनडे सीरीज के दो मैच बारिश में धुले थे, श्रीलंका ने जीती थी सीरीज
श्रीलंका की टीम इस वक्त वेस्टइंडीज के दौरे पर है। वनडे के बाद अब टी20 सीरीज भी खत्म हो गई है। जिसने मेजबान यानी वेस्टइंडीज ने अपने नाम कर लिया है। बात अगर वनडे की करें तो पहला मैच श्रीलंका ने जीत लिया था, लेकिन उसके बाद के दोनों मैच बारिश के कारण धुल गए और एक भी बॉल का खेल नहीं हो पाया। इस तरह से एक ही मैच जीतकर श्रीलंका ने वनडे सीरीज अपने नाम कर ली।
श्रीलंका ने पहले बैटिंग करते हुए बनाए थे 169 रन
इसके बाद जब टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का आगाज हुआ तो पहला मैच वेस्टइंडीज ने 7 विकेट से जीतकर बढ़त बनाई। दूसरे मैच में श्रीलंका ने वापसी करते हुए 37 रन से मैच जीत लिया। सीरीज का आखिरी मैच काफी रोचक रहा। इसी में वेस्टइंडीज ने विस्फोटक बल्लेबाजी की। दरअसल पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 169 रन बनाए थे। यानी वेस्टइंडीज को जीत के लिए 170 रन बनाने थे।
वेस्टइंडीज की शुरुआत रही खराब, रदरफोर्ड और पॉवेल ने डाली जान
वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज और कप्तान शे होप पहली बॉल पर बिना खाता खोले आउट हो गए। एकीम ऑगस्टे भी एक रन पर आउट हो गए। ब्रेंडन किंग ने 16 और शिमरन हेटमायर ने 32 रन बनाए, लेकिन फिर भी वेस्टइंडीज की टीम जीत से काफी दूर थी। हालांकि रॉवमैन पॉवेल ने 27 बॉल पर 33 और शेरफेन रदरफोर्ड ने 40 बॉल पर 54 रन बनाकर अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचाने का काम किया। हालांकि जीत से पहले ही पॉवेल आउट हो गए और वहीं पर वेस्टइंडीज की टीम फंस गई।
पारी के 19वें ओवर में जेसन होल्डर ने लगाए 3 छक्के
जब दो ओवर यानी 12 बॉल का खेल शेष था, तब वेस्टइंडीज को जीत के लिए 29 रन की दरकार थी और वेस्टइंडीज के 5 विकेट शेष थे। पारी का 19वां ओवर दुष्मंत चमीरा लेकर आए। इसी ओवर की तीसरी, पांचवीं और छठी बॉल पर जेसन होल्डर ने तीन छक्के ठोक दिए और मैच में अपनी जीत करीब करीब पक्की कर दी। बचे हुए रन आखिरी ओवर में बने और वेस्टइंडीज ने मैच के साथ ही सीरीज भी जीत ली।
नहीं लगाया एक भी चौका, स्ट्राइक रेट 420 का
जेसन होल्डर नंबर सात पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने 5 बॉल पर 21 रन की पारी खेली। इसमें तीन छक्के शमिल रहे। उन्होंने चौका एक भी नहीं लगाया और 420 के स्ट्राइक रेट से रन बनाकर टीम को जिता दिया। इससे पहले जेसन ने एक विकेट भी निकाला। हालांकि शामर जोसफ ने 5 विकेट लिए थे, इसलिए उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने चार ओवर में 33 रन दिए और श्रीलंका की आधी टीम समेट दी।
यह भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी फिर फ्लॉप, महज 4 बाउंड्री और 150 के स्ट्राइक रेट से जड़े सिर्फ इतने रन
इंग्लैंड को लगा तगड़ा झटका, पहले मैच का हीरो दूसरे टेस्ट से हुआ बाहर