Vaibhav Sooryavanshi: IPL 2026 में अपने बल्ले से तूफान मचाने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन दांबुला में श्रीलंका ए के खिलाफ वह अपनी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके। इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए ट्राई सीरीज के अहम मुकाबले में 15 साल का यह युवा बल्लेबाज सिर्फ 21 रन बनाकर आउट हो गया। IPL में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतने वाले वैभव इस टूर्नामेंट में लगातार चर्चा में हैं। हालांकि, ट्राई सीरीज में अब तक वह अपनी लय को पूरी तरह हासिल नहीं कर पाए हैं।
तेज शुरुआत के बाद चूके वैभव
तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया ए टीम को इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला। टीम को तेज शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी वैभव सूर्यवंशी पर थी और उन्होंने आते ही आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी। हालांकि, उनकी पारी पर जल्द ही लंका के गेंदबाद सहान अराच्चिगे ने विराम लगा दिया।
वैभव ने अपनी छोटी लेकिन तेज पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों में 21 रन बनाए और ऐसा लग रहा था कि वह इस बार बड़ी पारी खेल सकते हैं, लेकिन एक बार फिर उनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया। श्रीलंकाई ऑफ स्पिनर सहान अरच्चिगे ने उन्हें अपनी चाल में फंसा लिया। वैभव बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में गेंद को सही तरीके से टाइम नहीं कर सके और कवर पर कैच दे बैठे। वैभव के आउट होते ही इंडिया-ए को पहला बड़ा झटका लग गया।
अब तक ऐसा रहा प्रदर्शन
श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई सीरीज में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन अब तक मिला-जुला रहा है। पहले दो मुकाबलों में उन्होंने 14 और 44 रन की पारियां खेली थीं। अफगानिस्तान ए के खिलाफ बारिश से प्रभावित मैच में इंडिया ए को हार का सामना करना पड़ा था, ऐसे में टीम इस मैच में वापसी की उम्मीद लेकर उतरी थी। क्रिकेट फैंस की नजरें लगातार वैभव पर बनी हुई हैं, क्योंकि IPL में शानदार प्रदर्शन के बाद उनसे हर मैच में बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है। हालांकि युवा बल्लेबाज ने अपनी प्रतिभा की झलक जरूर दिखाई है, लेकिन अब उन्हें लंबी पारी खेलकर खुद को और साबित करना होगा।
यह भी पढ़ें:
इंग्लैंड को लगा तगड़ा झटका, पहले मैच का हीरो दूसरे टेस्ट से हुआ बाहर
हर टेस्ट मैच खेलने का दम रखता है 38 साल का दिग्गज खिलाड़ी, सिलेक्टर्स को फोन कर दिया साफ संदेश