1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हर टेस्ट मैच खेलने का दम रखता है 38 साल का दिग्गज खिलाड़ी, सिलेक्टर्स को फोन कर दिया साफ संदेश

हर टेस्ट मैच खेलने का दम रखता है 38 साल का दिग्गज खिलाड़ी, सिलेक्टर्स को फोन कर दिया साफ संदेश

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 15, 2026 10:26 am IST,  Updated : Jun 15, 2026 10:38 am IST

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर नाथन लायन लंबे समय से वापसी की राह देख रहे हैं। नाथन लायन पिछले साल दिसंबर में तीसरे एशेज टेस्ट के दौरान बुरी तरह से चोटिल हो गए थे।

Nathan Lyon- India TV Hindi
नाथन लायन Image Source : AP

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर नाथन लायन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उम्र और चोट उनके इरादों को कमजोर नहीं कर सकती। लंबे समय से हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे लायन ने अब ऑस्ट्रेलियाई सिलेक्टर्स को साफ संदेश दिया है कि वह पूरी तरह वापसी के लिए तैयार हैं और हर टेस्ट मैच खेलने का दम रखते हैं। एशेज सीरीज के दौरान गंभीर चोट झेलने वाले लायन इन दिनों फिटनेस पर जमकर मेहनत कर रहे हैं। अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज से पहले उनके पूरी तरह फिट होने की उम्मीद जताई जा रही है।

नाथन के खेलने का हौसला बरकरार

38 साल के नाथन लायन दिसंबर में खेले गए तीसरे एशेज टेस्ट के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी का शिकार हो गए थे। यह चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी हैमस्ट्रिंग हड्डी से अलग हो गई थी। इसके बाद से वह लगातार क्रिकेट से दूर हैं। हालांकि, 141 टेस्ट खेल चुके इस अनुभवी स्पिनर ने हार नहीं मानी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लायन हफ्ते में कम से कम पांच दिन जिम में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। रिकवरी के दौरान उन्होंने करीब 700 किलोमीटर रोड साइक्लिंग भी की है और अब लगभग पूरी रफ्तार से दौड़ने की स्थिति में पहुंच चुके हैं। लियोन ने 15 जून को सिडनी के क्रिकेट सेंट्रल में गेंदबाजी भी की और आने वाले हफ्तों में बल्लेबाजों के खिलाफ टर्फ विकेट पर अभ्यास करने की योजना बना रहे हैं।

सिलेक्टर्स को गया फोन

ऑस्ट्रेलिया के चीफ सिलेक्टर जॉर्ज बेली और कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड के हालिया बयानों के बाद लायन ने खुद उनसे बात की। दरअसल, दोनों ने यह सवाल उठाया था कि क्या लियोन अब हर टेस्ट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार रहेंगे। इस पर लायन ने दो टूक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने जॉर्ज का कमेंट देखा, उन्हें फोन गया। उन्होंने एंड्रयू का कमेंट देखा, उन्हें भी फोन गया। अगर वह हर टेस्ट मैच नहीं खेलना चाहते, तो अभी इतनी मेहनत नहीं कर रहा होते। उन्होंने आगे कहा कि ऑस्ट्रेलिया के लिए चुने जाने का किसी को जन्मसिद्ध अधिकार नहीं है, इसलिए उन्हें पता है कि उन्हें प्रदर्शन करना होगा और सही चीजें करनी होंगी। लेकिन उनका दिमाग और दिल दोनों यही चाहते हैं कि वह हर टेस्ट मैच में खेलें।

जल्द मैदान पर लौट सकते हैं लायन

ऑस्ट्रेलियाई कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड ने पिछले महीने यह गारंटी नहीं दी थी कि फिट होने के बावजूद लायन को बांग्लादेश सीरीज में जगह मिलेगी। इससे पहले भी लायन सिलेक्शन से बाहर किए जाने पर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने पिछले एशेज दौरे के दौरान दूसरे टेस्ट में प्लेइंग इलेवन से बाहर रहने पर कहा था कि वह बेहद नाराज थे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फिजिकल परफॉर्मेंस कोच रॉस हैरिज ने बताया कि लायन की रिकवरी सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि एडिलेड टेस्ट के बाद से यह काफी लंबी प्रक्रिया रही है। अभी हम लगभग दो-तिहाई सफर तय कर चुके हैं। यह काफी दर्दनाक चोट थी।

यह भी पढ़ें:

इंग्लैंड को लगा तगड़ा झटका, पहले मैच का हीरो दूसरे टेस्ट से हुआ बाहर

शैफाली वर्मा ने छक्का लगाकर रचा इतिहास, टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार हुआ गजब कारनामा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल