1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड को लगा तगड़ा झटका, पहले मैच का हीरो दूसरे टेस्ट से हुआ बाहर

इंग्लैंड को लगा तगड़ा झटका, पहले मैच का हीरो दूसरे टेस्ट से हुआ बाहर

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 15, 2026 09:09 am IST,  Updated : Jun 15, 2026 09:09 am IST

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा है। पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन घुटने की चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं।

Ollie Robinson- India TV Hindi
इंग्लैंड क्रिकेट टीम Image Source : AP

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पहले कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन नाइट क्लब में लड़ाई के चलते टीम से बाहर हुए, और अब टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। पहले टेस्ट में शानदार वापसी कर मैच जिताने वाले ओली रॉबिन्सन दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने पुष्टि की है कि रॉबिन्सन घुटने की समस्या से जूझ रहे हैं और इसी कारण उन्हें द ओवल में 19 जून से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया है।

ट्रेनिंग के दौरान बढ़ी परेशानी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओली रॉबिन्सन को होव में ट्रेनिंग के दौरान घुटने में दर्द महसूस हुआ। इसके बाद उनका स्कैन कराया जा रहा है। इंग्लैंड टीम मैनेजमेंट कोई जोखिम नहीं लेना चाहता, इसलिए उन्हें दूसरे टेस्ट में आराम दिया गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इंग्लैंड को उम्मीद है कि रॉबिन्सन 25 जून से ट्रेंट ब्रिज में शुरू होने वाले तीसरे और अंतिम टेस्ट तक फिट हो सकते हैं।

पहले टेस्ट में किया था कमाल

करीब दो साल बाद टेस्ट टीम में लौटे ओली रॉबिन्सन ने पहले ही मैच में धमाकेदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में कुल 7 विकेट लेकर इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। पहली पारी में उन्होंने छह विकेट झटके थे और पूरे मैच में 7/77 के करियर बेस्ट आंकड़े दर्ज किए। ऐसे समय में उनका बाहर होना इंग्लैंड के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है, क्योंकि टीम पहले से ही कई बड़े खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी से जूझ रही है।

किसे मिलेगा मौका?

रॉबिन्सन के बाहर होने के बाद इंग्लैंड ने उनके कवर के तौर पर ससेक्स के ही तेज गेंदबाज हेनरी क्रोकॉम्बे को टीम में शामिल किया है। 24 साल के क्रोकॉम्बे ने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन इंग्लैंड लायंस टीम का वह लगातार हिस्सा रहे हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 48 मैचों में 106 विकेट दर्ज हैं। इस सीजन डिवीजन वन में उन्होंने 21 विकेट हासिल किए हैं। अब इंग्लैंड के पास जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, मैथ्यू फिशर और सॉनी बेकर जैसे विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट को दूसरे टेस्ट के लिए नई गेंदबाजी रणनीति तैयार करनी होगी।

बेन स्टोक्स पर मंडरा रहा खतरा

दूसरी ओर कप्तान बेन स्टोक्स का भविष्य भी सवालों के घेरे में है। स्टोक्स और गस एटकिंसन पर टीम कर्फ्यू तोड़कर चेल्सी के एक नाइट क्लब जाने का आरोप है। वहां उनकी रग्बी खिलाड़ी टोटोआ औवा के साथ लड़ाई भी हुई थी। इस पूरे मामले की जांच इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड कर रहा है। इंग्लैंड क्रिकेट के निदेशक रॉब की ने भी स्टोक्स के भविष्य को लेकर कोई गारंटी नहीं दी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें:

FIFA World Cup 2026: जर्मनी ने कुराकाओ को 7-1 से रौंदते हुए रचा इतिहास, ब्राजील का तोड़ दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड

शैफाली वर्मा ने छक्का लगाकर रचा इतिहास, टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार हुआ गजब कारनामा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल