A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AUS: ब्रिस्बेन के मैदान पर खेला जाएगा सीरीज का मुकाबला, अब तक ऐसा रहा है टीम इंडिया का यहां पर रिकॉर्ड

IND vs AUS: ब्रिस्बेन के मैदान पर खेला जाएगा सीरीज का मुकाबला, अब तक ऐसा रहा है टीम इंडिया का यहां पर रिकॉर्ड

IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला 8 नवंबर को ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया ने अब तक इस मैदान पर सिर्फ एक टी20 मैच खेला है।

Indian Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : AP भारतीय क्रिकेट टीम

भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले को 48 रनों से जीत हासिल करने के साथ सीरीज को गंवाने का खतरा टाल दिया है। वहीं अब टीम इंडिया की नजरें इस सीरीज को जीतने पर हैं, जिसमें उन्हें आखिरी मुकाबला 8 नवंबर को ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर खेलना है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में अब तक टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया का काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, ऐसे में टीम इंडिया यदि इस सीरीज को जीतने में कामयाब होती है तो अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले सभी खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ जाएगा।

ब्रिस्बेन के मैदान पर अब तक खेला है एक मुकाबला

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया को टी20 सीरीज का आखिरी मैच ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में खेलना है। यहां पर भारतीय टीम ने अब तक टी20 इंटरनेशनल में सिर्फ एक मैच खेला है जो साल 2018 में हुई मेजबान टीम के खिलाफ सीरीज में खेलने का मौका मिला था। इस मैच में टीम इंडिया को डकवर्थ लुईस नियमानुसार 4 रनों से हार का सामना करना पड़ा था, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 158 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके बाद भारतीय टीम को डीएलएस नियम के अनुसार 17 ओवर्स में 171 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन टीम इंडिया 169 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हुई थी।

ऑस्ट्रेलिया का है यहां पर शानदार रिकॉर्ड

मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम का ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में रिकॉर्ड देखा जाए तो उन्होंने यहां पर अब तक टी20 इंटरनेशनल में कुल 8 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 7 मैचों को वह जीतने में कामयाब रहे हैं। कंगारू टीम को इस मैदान पर पिछली बार हार का सामना 27 रनों से साल 2013 में वेस्टइंडीज की टीम के खिलाफ करना पड़ा था। वहीं इस मैच के बाद ऑस्ट्रेलिया ने यहां पर 5 मैच खेले हैं और सभी को जीतने में कामयाब रहे हैं, ऐसे में भारतीय टीम के लिए ऑस्ट्रेलिया को यहां पर मात देना आसान नहीं रहने वाला है।

ये भी पढ़ें

IND vs AUS: जसप्रीत बुमराह ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, पाकिस्तानी गेंदबाज को पीछे छोड़ पहुंचे नंबर-1 की पोजीशन पर

अक्षर पटेल ने की विराट कोहली और क्रिस गेल की बराबरी, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मामले में बने तीसरे प्लेयर

Latest Cricket News