भारतीय महिला ए टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है, जिसमें वह मेजबान टीम के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया को 114 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा। मैकॉय के मैदान पर खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 मैच में भारतीय महिला ए टीम की कप्तान राधा यादव ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया महिला ए टीम की तरफ से शानदार बल्लेबाजी देखने को मिली और उन्होंने 20 ओवर्स में 4 विकेट के नुकसान पर 187 रनों का स्कोर बना दिया। इसके जवाब में भारतीय टीम 15.1 ओवर्स में सिर्फ 73 रन बनाकर सिमट गई।
शेफाली वर्मा से राघवी बिष्ट सभी जल्दी लौटे पवेलियन
ऑस्ट्रेलिया ए टीम के खिलाफ 188 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय महिला ए टीम की शुरुआत काफी खराब देखने को मिली। शेफाली वर्मा जिनसे इस मुकाबले में एक बड़ी पारी की उम्मीद थी वह सिर्फ 5 गेंदों का सामना करते हुए तीन बनाकर आउट हो गई। वहीं इसके अलावा उमा छेत्री अपना खाता भी नहीं खोल सकी। राघवी बिष्ट भी सिर्फ 5 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौट गई। टीम इंडिया की पारी में सिर्फ 2 ही ऐसे बल्लेबाज थे जो दहाई का आंकड़ा पार कर सके, जिसमें दिनेश वृंदा ने 21 जबकि मिनू मानी ने 20 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से गेंदबाजी में किम गार्थ का कमाल देखने को मिला जिन्होंने 3 ओवर्स में सिर्फ 7 रन देने के साथ 4 विकेट हासिल किए।
एलिसा हीली का बल्लेबाजी में देखने को मिला कमाल
दूसरे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया महिला ए टीम के बल्लेबाजी प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उसमें एलिसा हीली का कमाल देखने को मिला। हीली ने इस मुकाबले में 44 गेंदों में 12 चौकों की मदद से 70 रनों की पारी खेली, इसके अलावा ताहलिया विल्सन के बल्ले से 43 रनों की पारी देखने को मिली। भारतीय ए टीम की तरफ से गेंदबाजी में कप्तान राधा यादव ने 2 जबकि प्रेमा रावत ने एक विकेट हासिल किया। इस सीरीज का आखिरी मुकाबला 10 अगस्त को मैकॉय के मैदान पर ही खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर ऑस्ट्रेलिया ने कर दिया बड़ा ऐलान, इन दो प्लेयर्स को मिली बड़ी जिम्मेदारी
एशेज सीरीज के लिए बड़ा जोखिम लेने जा रहे हैं क्रिस वोक्स, गेंदबाज ने खुद ही किया बड़ा खुलासा
Latest Cricket News