इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स को ओवल में खेले गए भारत के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच में कंधे में चोट लगी थी। इस चोट की वजह से वह दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं कर पाए थे। वहीं इंग्लैंड की दूसरी पारी में अंत में एक हाथ से बल्लेबाजी करने के लिए आए थे। उनके इस चोट को देखने के बाद कई क्रिकेट एक्सपर्ट का ये मानना है कि वोक्स अब एशेज सीरीज से भी बाहर हो सकते हैं। इस बीच इंग्लिश तेज गेंदबाज से खुद ही बता दिया है कि वह एशेज में खेलेंगे या नहीं।
एशेज तक फिट होने के लिए रिहैब का विकल्प चुन सकते हैं वोक्स
वोक्स ने बताया है कि इस साल के अंत में होने वाली एशेज सीरीज तक फिट होने के लिए वह कंधे की सर्जरी कराने के बजाय ‘रिहैबिलिटेशन’ का विकल्प चुन सकते हैं। वोक्स के चोट का स्कैन हो चुका है और वह रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उनका मानना है कि आठ सप्ताह का रिहैब के जरिए वह एशेज सीरीज से पहले फिट हो सकते हैं। लेकिन उन्होंने अभी इसको लेकर कुछ भी फैसला नहीं लिया है।
क्रिस वोक्स ने चोट को लेकर दिया बड़ा बयान
क्रिस वोक्स ने बीबीसी स्पोर्ट के हवाले से कहा कि मैं यह देखने के लिए इंतजार कर रहा हूं कि चोट कितनी गंभीर है लेकिन मुझे लगता है कि विकल्प सर्जरी या ‘रिहैबिलिटेशन’ हो सकता है। मैं मानता हूं कि यह चोट मुझे दोबारा परेशान कर सकती है, लेकिन मुझे लगता है कि यह एक ऐसा जोखिम हो सकता है जिसे मैं लेने के लिए तैयार हूं।
स्कैन के रिजल्ट के बाद सर्जरी या रिहैब का फैसला करेंगे क्रिस वोक्स
उन्होंने आगे कहा कि मैंने फिजियो और एक्सपर्ट्स से जो सुना है, उसके अनुसार सर्जरी के बाद फिट होने में लगभग तीन से चार महीने लगेंगे। जाहिर है, मेरी ये चोट एशेज और ऑस्ट्रेलिया सीरीज से जुड़ी हुई है, इसलिए यह मुश्किल है। रिहैबिलिटेशन में आठ सप्ताह का समय लगेगा इसलिए यह एक विकल्प हो सकता है। लेकिन मैं इसका फैसला रिपोर्ट आने के बाद ही लूंगा।
INPUT: PTI
यह भी पढ़ें
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर ऑस्ट्रेलिया ने कर दिया बड़ा ऐलान, इन दो प्लेयर्स को मिली बड़ी जिम्मेदारी
शुभमन गिल की जर्सी खरीदने के लिए मची होड़, लगी इतने लाख की बोली, कीमत जानकर रह जाएंगे हैरान