भारत और इंग्लैंड के बीच अब ODI सीरीज में होगा घमासान, जानिए कब, कहां और कैसे देख पाएंगे Live मैच
इंग्लैंड दौरे पर अब भारतीय टीम ODI सीरीज में शिरकत करती नजर आएगी। 3 मैचों की ODI सीरीज का 14 जुलाई से एजबेस्टन में आगाज होगा।

T20I सीरीज की निराशा को पीछे छोड़ अब भारतीय टीम की नजर ODI फॉर्मेट में दमदार वापसी पर है। इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज में टीम इंडिया कई बड़े बदलावों और स्टार खिलाड़ियों की वापसी के साथ मैदान पर उतरेगी। सबसे ज्यादा चर्चा विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की वापसी को लेकर है, जिनके आने से भारतीय टीम पहले से कहीं अधिक मजबूत नजर आ रही है।
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज की शुरुआत 13 जुलाई से होगी। मेजबान टीम की कप्तानी हैरी ब्रूक करेंगे, जिन्होंने हाल ही में पांच मैचों की T20I सीरीज में इंग्लैंड को 4-0 से जीत दिलाई थी। अब उनकी कोशिश ODI सीरीज में भी उसी लय को बरकरार रखने की होगी। वहीं, भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी। उपकप्तान की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर संभालेंगे। गिल की अगुआई में टीम इंडिया T20I सीरीज की हार का हिसाब बराबर करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
6 महीने बाद लौटेंगे विराट
इस सीरीज में विराट कोहली की वापसी पर सभी की नजरें रहेंगी। कोहली ने जनवरी 2026 के बाद कोई इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला है। जून में अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज के लिए उनका सिलेक्शन हुआ था, लेकिन हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वह पूरी सीरीज से बाहर हो गए थे। अब पूरी तरह फिट होकर वह एक बार फिर भारतीय बल्लेबाजी की धुरी बनने के लिए तैयार हैं।
बुमराह की भी लंबे इंतजार के बाद वापसी
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी लंबे अंतराल के बाद ODI टीम में लौट रहे हैं। वह 2023 ODI वर्ल्ड कप के फाइनल के बाद पहली बार इस फॉर्मेट में खेलते नजर आएंगे। बुमराह को 2025 चैंपियंस ट्रॉफी की टीम में भी चुना गया था, लेकिन चोट की वजह से वह टूर्नामेंट नहीं खेल सके थे। अब उनकी वापसी भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। बुमराह आगामी 2026 एशियन गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
टीम इंडिया में आखिरी समय पर बदलाव
वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम को एक झटका भी लगा। तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। यह बदलाव सीरीज शुरू होने से ठीक पहले किया गया। भारत और इंग्लैंड के बीच यह ODI सीरीज दोनों टीमों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई होगी। एक ओर इंग्लैंड T20I सीरीज की शानदार जीत का आत्मविश्वास लेकर उतरेगा, तो दूसरी ओर विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की वापसी से मजबूत हुई टीम इंडिया जीत के साथ नई शुरुआत करना चाहेगी।
IND vs ENG ODI सीरीज 2026 का पूरा शेड्यूल
- 14 जुलाई 2026: पहला ODI, एजबेस्टन, बर्मिंघम (3:30 PM IST)
- 16 जुलाई 2026: दूसरा ODI, सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ (5:30 PM IST)
- 19 जुलाई 2026: तीसरा ODI, लॉर्ड्स, लंदन (3:30 PM IST)
IND vs ENG लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स
भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले तीन ODI मैचों का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। इन मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर होगी।
दोनों टीमों की स्क्वॉड
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यांश शेडगे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, केएल राहुल, ईशान किशन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार।
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), बेन डकेट, जो रूट, जैकब बेथेल, जेम्स कोल्स, विल जैक्स, रेहान अहमद, गस एटकिंसन, सैम करन, लियाम डॉसन, टॉम बैंटन, जोस बटलर, जोफ्रा आर्चर, साकिब महमूद, आदिल रशीद और जोश टंग।
यह भी पढ़ें:
जिम्बाब्वे और इंग्लैंड सीरीज के लिए टीम इंडिया के स्क्वॉड में हुआ बदलाव, हर्षित और वरुण हुए बाहर
रोहित शर्मा ने इंग्लैंड सीरीज के लिए शुरू की तैयारी, नेट्स में जमकर बहा रहे हैं पसीना