भारतीय क्रिकेट टीम इस सप्ताह आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की T20I सीरीज खेलेगी। पहला मुकाबला 26 जून को बेलफास्ट में होगा, जबकि दूसरा मैच 28 जून को इसी मैदान पर खेला जाएगा। इस सीरीज की खास बात यह है कि श्रेयस अय्यर पहली बार T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की कप्तानी करते नजर आएंगे। सीरीज में टीम इंडिया के तीन युवा खिलाड़ियों के T20I डेब्यू की संभावना जताई जा रही है। आइए जानते हैं किन 3 खिलाड़ियों का हो सकता है डेब्यू।
वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर सचिन का रिकॉर्ड
महज 15 साल की उम्र में भारतीय टीम में जगह बनाकर वैभव सूर्यवंशी पहले ही सुर्खियां बटोर चुके हैं। बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज को आयरलैंड सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है तो वह भारत की मेन्स क्रिकेट टीम में खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे। इस मामले में वह सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे। हाल ही में T20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने ओपनिंग की थी। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट संजू और अभिषेक की जोड़ी पर भरोसा करता है या फिर वैभव को मौका देकर भविष्य की तैयारी शुरू करता है।
प्रिंस यादव का दिखेगा जलवा?
तेज गेंदबाज प्रिंस यादव भी इस सीरीज में T20I डेब्यू कर सकते हैं। उन्होंने जून 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ ODI क्रिकेट में भारत के लिए डेब्यू किया था और अब T20I टीम में भी जगह बना ली है। प्रिंस ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी दावेदारी मजबूत की थी। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए उन्होंने सभी 14 लीग मैच खेले और 16 विकेट अपने नाम किए। उनकी पेस और लाइन-लेंथ ने सिलेक्टर्स को काफी प्रभावित किया।
सूर्यांश शेडगे को भी मिल सकता है मौका
मुंबई के 23 साल के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे भी डेब्यू की दौड़ में शामिल हैं। उन्हें जून को नितीश कुमार रेड्डी की जगह भारतीय टीम में शामिल किया गया। चोटिल नीतीश कुमार रेड्डी को चोट के कारण आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से बाहर होना पड़ा। शेडगे ने श्रीलंका में आयोजित ट्राई सीरीज में इंडिया-ए के लिए बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया था। उसी प्रदर्शन का उन्हें इनाम मिला है।
IND vs IRE सीरीज सिर्फ नए खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि श्रेयस अय्यर के लिए भी बेहद खास रहने वाली है। 6 जून 2026 को उन्हें भारत का नया T20 कप्तान नियुक्त किया गया था और आयरलैंड के खिलाफ वह पहली बार इस भूमिका में मैदान पर उतरेंगे। भारतीय टीम जहां सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी, वहीं क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस बात पर भी रहेंगी कि क्या वैभव सूर्यवंशी, प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे तीनों को मौका मिल पाता है या नहीं।
यह भी पढ़ें:
चमारी अट्टापट्टू का ऐतिहासिक शतक, T20 वर्ल्ड कप में रचा अनोखा इतिहास, दुनिया में पहली बार हुआ ऐसा कारनामा
पाकिस्तान की लगातार चौथी शर्मनाक हार, ऑस्ट्रेलिया ने T20 वर्ल्ड कप में दर्ज की अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत
Latest Cricket News