India vs New Zealand 2nd ODI: भारतीय क्रिकेट टीम जब बुधवार को राजकोट में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा वनडे मैच खेलने उतरेगी तो उसकी बड़ी परीक्षा होगी। वैसे तो भारतीय टीम काफी मजबूत है और न्यूजीलैंड की टीम उसके सामने नहीं टिकती, लेकिन ये ध्यान रखना होगा कि यहां पर भारत का वनडे में ट्रेक रिकॉर्ड कुछ खास नहीं है। बहुत कम मैचों में ही भारत को जीत मिली है और हार की संख्या ज्यादा है।
पहली बार साल 2013 में खेला गया था राजकोट में वनडे मैच
राजकोट के इस स्टेडियम पर पहला वनडे मुकाबला साल 2013 में खेला गया था। तब भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने सामने आई थीं। उस पहले ही मैच को इंग्लैंड ने 9 रनों के मामूली अंतर से अपने नाम किया था। इसके बाद आया साल 2015, उस साल भारत ने इस मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे मुकाबला खेला। इसमें भी भारत को 18 रन से हार का मुंह देखना पड़ा। साल 2020 में पहली बार भारतीय टीम को इस मैदान पर जीत का स्वाद मिला। तब सामने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम थी। भारत ने इस मैच को 36 से जीता था। इसक बाद जब साल 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फिर से मुकाबला हुआ तो इस बार ऑस्ट्रेलिया ने 66 रन से बाजी मार ली।
अब तक खेले गए चार में से केवल एक ही मैच जीत पाई है टीम इंडिया
यानी कुल मिलाकर देखा जाए तो राजकोट के इस स्टेडियम पर भारत ने अब तक जो चार मैच खेले हैं, उसमें से केवल एक ही में जीत मिली और तीन में हार का मुंह देखना पड़ा है। अगर आपने ध्यान से देखा होगा तो पता चला होगा कि जो भी टीम जीती है, वो पहले बल्लेबाजी करने वाली थी। भारत ने एक ही बार यहां पहले बैटिंग की और उसे जीत लिया। यानी अगर यही ट्रेक रिकॉर्ड जारी रहा तो जो टीम पहले बल्लेबाजी करेगी, उसकी जीत की संभावना ज्यादा होगी। ऐसे में टॉस की भूमिका बहुत ज्यादा अहम हो जाएगी।
पहले बल्लेबाजी करना हो सकता है फायदा का सौदा
अगर किसी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मैच में 300 से अधिक का स्कोर बना दिया तो फिर उसे चेज कर पाना आसान नहीं होगा। ये इस स्टेडियम की दिक्कत है। भारत की बैटिंग लाइनअप काफी मजबूत है। विराट कोहली और रोहित शर्मा तो रन बना ही रहे हैं, साथ ही शुभमन गिल ने भी कुछ अच्छे हाथ दिखाए हैं, जो टीम के लिए राहत की बात होगी। देखना होगा कि क्या साल 2020 के बाद टीम इंडिया यहां पर एक और मैच जीतने में कामयाबी हासिल करेगी।
यह भी पढ़ें
IND vs NZ: टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में 100% होगा बदलाव, इस खिलाड़ी को मिल सकता है मौका
दो दिन में शुरू हो रहा है क्रिकेट वर्ल्ड कप, पहले ही मैच में नजर आएगी टीम इंडिया
Latest Cricket News